1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Newzealand and India face off in a epic title clash of bilateral series
Written By WD Sports Desk
Last Updated : शनिवार, 17 जनवरी 2026 (18:10 IST)

इंदौर में भारत इतिहास दोहराएगा या न्यूजीलैंड इतिहास रचेगी?

India
INDvsNZ इंदौर के होलकर स्टेडियम में भारत जहां इतिहास दोहराने उतरेगा तो न्यूजीलैंड इतिहास रचने उतरेगी। भारत ने आज तक घर पर न्यूजीलैंड के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला नहीं गंवाई है, वहीं इंदौर भारतीय पुरुष टीम का सबसे भाग्यशाली मैदान है। अगर रविवार को भारत जीत जाती है तो वह इतिहास दोहराने में कामयाब होगी।

वहीं न्यूजीलैंड की टीम अगर मालवा के दर्शकों को चुप कराने में समर्थ होती है तो इतिहास रच देगी।  इंदौर का यह होलकर स्टेडियम रनों का अंबार लगाने के लिए जाना जाता है। लेकिन टॉस को लेकर दोनों टीमें असमंजस में होगी।

यह भी कहा जा सकता है कि यह टॉस हारने का बेहतर मौका है। या तो 350 रन बनाकर सामने वाली टीम को मैच से बाहर किया जा सकता है, या तो फिर ओस के डर से पहले गेंदबाजी चुनी जा सकती है।

इस सीरीज में भारत के लिए सबसे सफल बल्लेबाज लोकेश राहुल बनकर उभरे हैं जिनका विकेट अब तक कीवी गेंदबाज नहीं ले पाए हैं। विराट कोहली भी फॉर्म में है और अगर रोहित शर्मा चल गए तो कीवी गेंदबाजों का कीमा बन जाएगा।

टीम इंडिया के लिए चिंता का सबब गेंदबाजी है। दोनों मैचों में वह कीवी टीम को ऑलआउट नहीं कर पाई। दूसरे वनडे में तो सिर्फ 3 विकेट निकले। ऐसे में कल अर्शदीप सिंह का अंतिम एकादश में शामिल होना बनता है।

वहीं न्यूजीलैंड की बात करें तो बल्लेबाजी का पूरा भार डैरिल मिचेल ने ढोया है। विल यंग के फॉर्म में आने से टीम को राहत मिली होगी। डेवॉन कॉन्वे से भी टीम को उम्मीदें होगी। वहीं गेंदबाजी में जेमीसन का सहारा क्लार्क, फाउल्केस और लेनोक्स को बनना होगा। नहीं तो भारतीय बल्लेबाजी को रोक पाना मुश्किल है।

 भारत :- शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), रवींद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, नीतीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर) और आयुष बडोनी

न्यूजीलैंड: माइकल ब्रेसवेल (कप्तान), डेवोन कॉनवे, हेनरी निकोल्स, विल यंग, डेरिल मिशेल, निक केली, मिच हे (विकेट कीपर), ग्लेन फिलिप्स, काइल जैमीसन, जैक फाउल्केस, माइकल रे, जेडन लेनोक्स, क्रिस्टियन क्लार्क, आदित्य अशोक, जोश क्लार्कसन।

मैच का समय- दोपहर 1.30 बजे

कहां देखें- स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क या डिज्नी हॉटस्टार पर
ये भी पढ़ें
U19 विश्वकप में भारत ने बांग्लादेश से छीना हरा हुआ मैच, 18 रनों से जीता मैच