1 करोड़ में बिके क्विंटन डिकॉक, यह बड़े नाम जो काफी सस्ते में बिके
आईपीएल मिनी नीलामी में कई विदेशी खिलाड़ी बहुत कम रकम में भी बिके। मुंबई इंडियन्स ने सिर्फ एक करोड़ में क्विंटन डीकॉक का फ्रेंचाइजी में पुनः स्वागत किया। सूत्रों की मानें तो मुंबई ने कम पर्स होने की वजह से ही क्विंटन डि कॉक को अपना आधार मूल्य कम करने को कहा था। 2.76 करोड़ का पर्स लेकर नीलामी में उतरी 2 करोड़ डि कॉक को नहीं दे पाती। जब मुंबई ने उनपर बोली लगाई तो किसी ने भी पलटकर बोली नहीं लगाई। जबकि राजस्थान और दिल्ली जैसी टीम को ओपनर या विकेटकीपर की जरुरत थी।
वहीं दिल्ली कैपिटल्स ने डेविड मिलर और बेन डकेट को महज़ दो-दो करोड़ में ख़रीद लिया। केकेआर ने दो करोड़ में फिन ऐलन को फ्रेंचाइजी का हिस्सा बनाया। वेस्ट इंडीज़ के ऑलराउंडर अकील हुसैन दो करोड़ में सीएसके का हिस्सा बने। एलएसजी ने दो करोड़ में आनरिक नॉर्खिया को खरीद लिया।
कई बड़े नाम ऐसे भी रहे जो शुरुआती राउंड में नहीं बिके, लेकिन नीलामी के आखिरी हिस्से में उन्हें फ्रेंचाइज़ी मिल गयी। ऐसे खिलाड़ियों में सबसे ज्यादा इंग्लैंड के ऑलराउंडर लियम लिविंगस्टन ने कमाये। उन्हें सनराइज़र्स हैदराबाद ने 13 करोड़ में ख़रीदा। महाराष्ट्र के युवा सलामी बल्लेबाज़ पृथ्वी शॉ 75 लाख के बेस प्राइज़ पर दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा बने। सरफ़राज़ ख़ान को 75 लाख में चेन्नई सुपर किंग्स ने अपनी फ्रेंचाइज़ी में शामिल कर लिया।
न्यूज़ीलैंड के सलामी बल्लेबाज़ डेवन कॉन्वे, ऑस्ट्रेलिया के युवा बल्लेबाज़ जेक-फ्रेज़र मैकगर्क और इंग्लैंड के जॉनी बेयरस्टो को कोई ख़रीदार नहीं मिला।दीपक हुड्डा, आकाश मधवाल और श्रीकर भरत उन भारतीय खिलाड़ियों में से थे जिन्हें आईपीएल मिनी-ऑक्शन 2025 से ख़ाली हाथ लौटना पड़ा।