1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Mahendra Singh Dhoni spill beans on India's chances to defend T20I title
Written By WD Sports Desk
Last Updated : बुधवार, 4 फ़रवरी 2026 (15:47 IST)

भारत को पहला T20I विश्वकप जिताने वाले MSD ने दे दिया मौजूदा टीम पर यह बयान (Video)

Mahendra Singh Dhoni
पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का मानना है कि मौजूदा समय में भारतीय टीम T-20I में दुनिया की सबसे खतरनाक टीम है और शनिवार से शुरु हो रहे टी-20 विश्वकप 2026 में वह सबसे बड़ी चुनौती बनकर उभरेगी।

धोनी ने एक कार्यक्रम में यह बात कही। उन्होंने कहा, “एक अच्छी टीम के लिए जो कुछ भी चाहिए, सब कुछ इसमें मौजूद है। विशेष रूप से इस प्रारूप में इनके पास अनुभव की कोई कमी नहीं है। उन्होंने दबाव में खेला है। टीम में जो भी खिलाड़ी जिस भी भूमिका में है, वह उस भूमिका को काफी समय से निभाता आ रहा है।”

धोनी के इस भरोसे की आंकड़े भी गवाही देते हैं। पूर्व चैंपियन भारतीय टीम ने अक्तूबर 2023 से अब तक खेले गए टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 51 बार जीत का स्वाद चखा है, जबकि आठ मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा। टीम की ताकक उसकी विस्फोटक बल्लेबाजी है, जहां बड़े-बड़े सिक्सर जड़ने वाले खिलाड़ी मौजूद हैं। गेंदबाजी में भी भारत का पलड़ा भारी है। भारत के पास जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती जैसे दो सबसे अच्छे गेंदबाज मौजूद हैं।
उन्होंने कहा, “जो चीज मुझे परेशान करती है, वह है ओस। मुझे ओस बिल्कुल पसंद नहीं है। ओस बहुत कुछ बदल देती है। जब मैं स्वयं खेलता था, तब भी ओस से सबसे अधिक डर लगता था, क्योंकि वहां टॉस बेहद अहम हो जाता है और कई चीजें उसी पर निर्भर हो जाती हैं।”
MS Dhoni
उन्होंने कहा, “अगर हम बेहतरीन टीमों के खिलाफ दस मैच खेलें और हालात बराबर हों, तो ज़्यादातर मौकों पर हम ही विजेता बनकर निकलेंगे। समस्या तब आती है, जब आपकी टीम के कुछ खिलाड़ियों का दिन खराब होता है और सामने वाली टीम का कोई खिलाड़ी शानदार दिन बिता देता है। टी-20 क्रिकेट में ऐसा हो सकता है। ऐसे मौकों पर, चाहे लीग स्टेज हो या नॉकआउट, वही समय होता है जब दुआओं की जरूरत पड़ती है। कोई भी खिलाड़ी चोटिल न हो। जो भी भूमिकाएं दी गई हैं, खिलाड़ी उन्हें पूरा करें। अगर ऐसा होता है, तो नजर न लगे, लेकिन यह टीम वाकई सबसे खतरनाक टीमों में से एक है।”
ये भी पढ़ें
2 अफगानियों के शतक, 310 रन पड़वा कर सिर्फ 4 विकेट ले पाए भारतीय गेंदबाज