शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Mahendra Singh Dhoni, Padma Bhushan
Written By
Last Updated : सोमवार, 2 अप्रैल 2018 (21:24 IST)

सेना की वर्दी में धोनी ने राष्ट्रपति से लिया 'पद्म भूषण' अवॉर्ड

सेना की वर्दी में धोनी ने राष्ट्रपति से लिया 'पद्म भूषण' अवॉर्ड - Mahendra Singh Dhoni, Padma Bhushan
नई दिल्ली। मुंबई में विश्व कप 2011 के फाइनल में यादगार छक्का जड़कर भारत को खिताब दिलाने के ठीक सात साल बाद महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर सभी के आकर्षण का केंद्र बने, जब इस मानद लेफ्टिनेंट कर्नल ने सेना की पोशाक में तीसरे सबसे बड़े नागरिक पुरस्कार 'पद्म भूषण' को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के हाथों स्वीकार किया।


धोनी के लिए यह खुशनुमा संयोग रहा कि उन्हें यह प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान विश्व कप जीत की सातवीं वर्षगांठ के मौके पर दिया गया। धोनी के नेतृत्व में भारत के दूसरी बार 50 ओवर का विश्व कप जीतने के बाद भारतीय प्रादेशिक सेना ने एक नवंबर 2011 को उन्हें लेफ्टिनेंट कर्नल के मानद पद से सम्मानित किया था।
 
कपिल देव के बाद धोनी भारत के दूसरे क्रिकेटर हैं, जिन्हें यह सम्मान दिया गया। धोनी ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से यह पुरस्कार हासिल किया। धोनी भारतीय सेना की वर्दी में बाकायदा परेड करके राष्ट्रपति के पास पहुंचे और उन्होंने सलामी दी। उनकी कदम ताल से लग रहा था कि वे मानद लेफ्टिनेंट कर्नल नहीं, बल्कि असली में लेफ्टिनेंट कर्नल हैं।
धोनी को जब राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद पद्म भूषण से सम्मानित कर रहे थे, तब दर्शक दीर्घा में उनकी पत्नी साक्षी रावत भी पीली साड़ी में मौजूद थी और वे खुद को गौरवान्वित महसूस कर रही थीं। सम्मान ग्रहण करने के बाद उन्होंने ताली बजाकर अपने पति की हौंसलाअफजाई की।
 
 
इस मौके पर 19 बार के वर्ल्ड चैम्पियन क्यू खिलाड़ी पंकज आडवाणी को भी 'पद्म भूषण' से नवाजा गया। सनद रहे कि भारत ने 2011 में आज ही के दिन मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में श्रीलंका को हराकर 1983 के बाद दूसरी बार आईसीसी विश्व कप जीता था। 
धोनी ने वानखेड़े स्टेडियम में छक्का जड़कर 10 गेंद शेष रहते भारत को जीत दिलाकर उसके विश्व कप खिताब के 28 साल के सूखे को खत्म किया था।
 
 
धोनी को इससे पहले 2007 में देश का सर्वोच्च खेल सम्मान 'राजीव गांधी खेल रत्न' जबकि 2009 में देश का चौथा सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'पद्मश्री' से नवाजा गया था। धोनी की तरह आडवाणी भी अपने खेल में काफी सफल रहे हैं और उन्होंने 2006 और 2010 के एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीते।

39 हस्तियां पद्म अलंकरण से विभूषित : राष्ट्रपति भवन के ऐतिहासिक दरबार हॉल में आयोजित एक रंगारंग समारोह में राष्ट्रपति कोविंद ने धोनी और आडवाणी के अलावा बॉलीवुड अभिनेता मनोज नवनीत जोशी, कलाकार लक्ष्मण पई, मशहूर लोक गायिका शारदा सिन्हा, रूस के राजदूत रहे अलेक्जांद्र कदाकिन (मरणोपरांत) सहित विभिन्न क्षेत्रों की 39 महान हस्तियों को पद्म अलंकरणों से विभूषित किया। 
 
पद्म अलंकरण समारोह के दूसरे चरण में आज 38 हस्तियों को पद्मश्री अलंकरण से अलंकृत किया गया। चार हस्तियां अनुपस्थित रहीं। पद्मश्री अलंकरण से सम्मानित हस्तियों में मलेशियाई शास्त्रीय नर्तक दातुक रामली इब्राहिम, कम्बोडिया के युवा नेता हुन मेनी, भारतीय भाषा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए जापान निवासी टोमियो मिजोकामी, सार्वजनिक मामलों के लिए म्यांमार के थांत मिंट यू, ब्रुनेई के सामाजिक कार्यकर्ता मलाई हाजी अब्दुल्ला बिन हाजी और नेत्ररोग के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले नेपाल सांदुक रुईत शामिल हैं।

 
समारोह में उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन एवं केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह के अलावा मंत्रिपरिषद के कई सदस्य और अन्य गणमान्य हस्तियां उपस्थित थीं। (चित्र सौजन्य : एएनआई) 
ये भी पढ़ें
दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को दिया 612 का लक्ष्य