शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Mahendra Singh Dhoni
Written By
Last Updated :मेलबर्न , मंगलवार, 30 दिसंबर 2014 (21:06 IST)

धोनी का संन्यास, टि्वटर पर संदेशों की बाढ़

धोनी का संन्यास, टि्वटर पर संदेशों की बाढ़ - Mahendra Singh Dhoni
मेलबर्न। दुनियाभर के क्रिकेटरों ने महेंद्र सिंह धोनी के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के फैसले पर हैरानी जताई लेकिन साथ ही उनकी प्रशंसा भी की। महान बल्लेबाज और धोनी के लंबे समय तक साथी रहे सचिन तेंदुलकर ने कहा कि धोनी को अगले साल ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में होने वाले विश्व कप को अपना अगला लक्ष्य बनाना चाहिए। 
तेंदुलकर ने अपने टि्वटर हैंडल पर लिखा, टेस्ट क्रिकेटर में शानदार करियर। शाबास धोनी। आपके साथ में खेलने का हमेशा आनंद लिया। अगला लक्ष्य 2015 का विश्व कप मेरे दोस्त। 
 
धोनी के एक अन्य करीबी मित्र सुरेश रैना ने ट्वीट किया, साहसी की तरह टीम की अगुवाई की। बहादुर व्यक्ति की तरह अलविदा कहा। 
 
भारत के मध्यम गति के गेंदबाज आर विनयकुमार ने लिखा, धोनी भाई टेस्ट क्रिकेट में शानदार यात्रा के लिए बधाई। निश्चित रूप से आपकी कमी खलेगी।  
 
स्पिनर प्रज्ञान ओझा ने लिखा, शानदार टेस्ट करियर के लिए बधाई धोनी भाई। 
 
पूर्व भारतीय कप्तान बिशन सिंह बेदी ने कहा कि धोनी ने संन्यास लेकर पूरे क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया। उन्होंने ट्वीट किया, धोनी के टेस्ट श्रृंखला के बीच में संन्यास लेने से अधिकतर हक्के-बक्के रह गए। लेकिन यह उनका एकाधिकार है। मैं उन्हें संन्यास के बाद की जिंदगी के लिए शुभकामनाएं देता हूं। 
 
पूर्व क्रिकेटर संजय मांजेरकर ने लिखा, धोनी के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास को लेकर थोड़ा बुरा महसूस कर रहा हूं। इसका हमें बिल्कुल भी आभास नहीं था।  
 
पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर सकलैन मुश्ताक ने भारतीय कप्तान के साथ अपनी फोटो पोस्ट की है। उन्होंने इसके साथ लिखा है, टेस्ट क्रिकेट में शानदार करियर। वेलडन धोनी।
 
इंग्लैंड के तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड ने लिखा, भारत में क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए काफी कुछ किया। अच्छे खिलाड़ी के संन्यास लेने से हमेशा दुख होता है। 
 
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वान ने धोनी की प्रशंसा की और विराट कोहली को शुभकामना दी। उन्होंने लिखा है, जिस तरह से धोनी खेलते हैं मुझे पसंद है। लेकिन यह विराट कोहली के लिए भारतीय टीम को सही दिशा में ले जाने का सही समय है। 
 
श्रीलंका के क्रिकेटर रसेल अर्नोल्ड ने लिखा, नए वर्ष में भारतीय क्रिकेट के नए युग की शुरुआत। धोनी ने पूरी तरह से हैरान किया, लेकिन सही फैसला। वेलडन एमएसडी। (भाषा)