1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Kolkata Knight Riders blames Cricket Australia for Cameron Green role
Written By WD Sports Desk
Last Modified: सोमवार, 30 मार्च 2026 (15:41 IST)

ग्रीन ने नहीं की गेंदबाजी तो रहाणे ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया पर साधा निशाना

Kolkata Knight Riders
कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने कप्तान अजिंक्य रहाणे ने कैमरुन ग्रीन के गेंदबाजी नहीं करने के सवाल पर कहा कि इस बारे में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) से पूछिए कि वह क्यों गेंदबाजी नहीं कर रहे हैं।ग्रीन ने टी-20 विश्व कप के बाद से ही गेंदबाजी नहीं की है। सोमवार को सीए ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि ग्रीन पीठ के निचले हिस्से की हल्की चोट से उबर रहे हैं और गेंदबाजी में वापसी की उनकी टाइमलाइन आईपीएल से पहले ही केकेआर को बता दी गई थी।

CA के प्रवक्ता ने कहा, “कैमरन के पीठ के निचले हिस्से में चोट है, जिसका ईलाज चल रहा है। उन्हें कुछ समय के लिए गेंदबाजी से दूर रहना होगा। वह इस समय भारत में धीरे-धीरे अपनी गेंदबाजी दबाव बढ़ा रहे हैं, ताकि करीब 10-12 दिनों में वापसी कर सकें। केकेआर को यह जानकारी दे दी गई है और वे इससे पूरी तरह वाकिफ हैं।”
उल्लेखनीय है कि ग्रीन ने सितंबर 2024 से अक्तूबर 2025 तक 12 महीने तक प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में गेंदबाजी नहीं की थी, क्योंकि उनकी पीठ में स्ट्रेस फ्रैक्चर की सर्जरी हुई थी। कोलकाता नाइट राइडर्स ने ग्रीन को 25.20 करोड़ रुपये में खरीदा है।

गेंदबाजी संयोजन के स्थिर न होने पर रहाणे ने कहा कि टीम अभी सही संतुलन तलाश रही है। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है जब ग्रीन जल्द ही गेंदबाजी शुरू करेंगे, तो संयोजन थोड़ा अलग होगा। अभी हमें संतुलन देखना है और यह समझना है कि हमारे लिए कौन अच्छा गेंदबाजी कर सकता है। बल्लेबाजी में हमने अच्छा किया, लेकिन गेंद से सही संतुलन ढूंढना बहुत जरूरी है। उम्मीद है ग्रीन जल्द गेंदबाजी शुरू करेंगे, तब हम देख पाएंगे कि संयोजन सही बैठता है या नहीं।”

केकेआर की मुश्किलें कई मुख्य तेज गेंदबाजो की गैरमौजूदगी से और बढ़ गई हैं, जिससे टीम को कम अनुभव वाले खिलाड़ियों पर निर्भर रहना पड़ा है। रहाणे ने इसे चुनौती भरा दौर बताया, लेकिन इसे टीम के अन्य खिलाड़ियों के लिए मौका भी कहा। एमआई के खिलाफ छह विकेट की हार में उन्होंने ब्लेसिंग मुजरबानी, कार्तिक त्यागी और वैभव अरोड़ा को तेज गेंदबाज के तौर पर खिलाया, जबकि स्पिन की जिम्मेदारी वरुण चक्रवर्ती के साथ सुनील नारायण और अनुकूल रॉय ने संभाली। रहाणे ने कहा कि स्पिनर्स पर दबाव कम करने के लिए एक अतिरिक्त तेज गेंदबाज होना जरूरी है, और सही संतुलन तभी बनेगा जब ग्रीन पूरी तरह योगदान दे पाएंगे।
लेखक के बारे में
WD Sports Desk
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम खेलों की दुनिया से जुड़ी हर खबर को विस्तार से पेश करती है। क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी या अन्य खेलों पर आधारित लेख और न्यूज़ से लेकर महत्वपूर्ण मैचों की अपडेट्स और खेल जगत की खास घटनाएं, यह टीम पाठकों को पूरी जानकारी प्रदान करती है। स्पोर्ट्स टीम.... और पढ़ें
ये भी पढ़ें
गेंद से छेड़छाड़ करने पर फंसे फखर जमान, लग सकता है बैन (Video)