1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. JASPRIT BUMRAH IN IPL 2026 SUNIL GAVASKAR THIS IS NOT PROFESSIONAL SANJAY BANGAR BREAK SUGGESTION
Last Modified: मंगलवार, 5 मई 2026 (15:47 IST)

आखिर क्या हुआ बुमराह को इस IPL, Gavaskar बोले—‘ये बर्दाश्त नहीं, जानें क्या हो सकती है गिरावट की वजह

Jasprit bumrah sunil gavaskar hindi news
Jasprit Bumrah in IPL 2026 : आईपीएल 2026 का 47वां मुकाबला वानखेड़े में खेला गया, जहां जसप्रीत बुमराह के लिए एक और मुश्किल शाम साबित हुई। लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैच में उन्होंने हिम्‍मत सिंह को शानदार गेंद पर आउट कराया, लेकिन खुशी ज्यादा देर नहीं टिक सकी, No Ball का सायरन बजा और विकेट रद्द हो गया। यह पल मैच का टर्निंग पॉइंट तो नहीं बना, लेकिन बुमराह के पूरे सीजन की कहानी जरूर बयां कर गया। इसके बाद भी वह लय हासिल नहीं कर सके और अपने चार ओवर में 45 रन देकर विकेटलेस रहे। कमेंट्री बॉक्स में बैठे सुनील गावस्कर (Sunil Gavaskar) इस गलती पर काफी सख्त नजर आए। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि “नो-बॉल किसी भी प्रोफेशनल गेंदबाज के लिए स्वीकार्य नहीं है,” खासकर तब जब आप बुमराह जैसे विश्वस्तरीय गेंदबाज हों।
अगर पूरे सीजन पर नजर डालें, तो यह बुमराह के करियर के सबसे अनयूजुअल फेज़ में से एक रहा है। 10 मैचों में सिर्फ 3 विकेट, 109.66 की औसत और 8.89 की इकॉनमी—ये आंकड़े उस गेंदबाज के नहीं लगते जिसने सालों तक बल्लेबाजों पर खौफ बनाया हो। समस्या सिर्फ आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी गेंदबाजी में वो धार और कंट्रोल भी गायब दिखा है, जिसके लिए वे जाने जाते हैं। इस सीजन में कई बार उन्होंने विकेट लेने के मौके बनाए, लेकिन या तो किस्मत ने साथ नहीं दिया या छोटी-छोटी गलतियां भारी पड़ गईं जैसे नो-बॉल, लाइन-लेंथ में हल्का सा बदलाव या पेस में गिरावट। तो आखिर सवाल ये है कि क्या ज्यादा बदलाव उनके लिए गलत साबित हो रहा है या Tiredness? 

गावस्कर ने बुमराह की गिरती लय के पीछे एक अहम कारण भी बताया—“ओवरडूइंग (Over Doing)।” उनके मुताबिक, बुमराह जरूरत से ज्यादा नई चीजें ट्राई कर रहे हैं। उनकी स्लोअर बॉल की लेंथ फुल हो गई है, जो पहले ज्यादा असरदार होती थी। वहीं, जो लाइन पहले सीधे स्टंप्स को टारगेट करती थी, अब लेग स्टंप की तरफ शिफ्ट हो रही है। यही छोटे-छोटे बदलाव उनके रिदम को बिगाड़ रहे हैं। एक ऐसा गेंदबाज जो अपनी सटीकता और सादगी के लिए जाना जाता है, वही अब एक्सपेरिमेंट के चक्कर में अपनी ताकत से दूर जाता दिख रहा है।
 
एक बड़ा सवाल उठ रहा है—क्या बुमराह थक चुके हैं? लगातार क्रिकेट, हाई-प्रेशर मैच और टीम की जिम्मेदारी ने कहीं न कहीं उनके शरीर और दिमाग दोनों पर असर डाला है। इसी मुद्दे पर पूर्व भारतीय बल्लेबाजी कोच संजय बांगर (Sanjay Banger) ने भी अहम राय दी। उनका मानना है कि टीम मैनेजमेंट को बुमराह से खुलकर बात करनी चाहिए—क्या वह 100% फिट महसूस कर रहे हैं? क्या उन्हें एक-दो मैच का ब्रेक चाहिए? बांगर के अनुसार, छोटा सा ब्रेक उन्हें शारीरिक और मानसिक तौर पर रीसेट करने में मदद कर सकता है, जिससे वह प्लेऑफ के अहम मुकाबलों में ज्यादा प्रभावी होकर लौट सकते हैं।
 
हालांकि, यह फैसला आसान नहीं है। मुंबई इंडियंस को अपने सबसे बड़े मैच विनर की जरूरत है, लेकिन आधे-अधूरे बुमराह से बेहतर है कि टीम उन्हें पूरी तरह तैयार देखे। दिलचस्प बात यह भी है कि जब बुमराह खुद खेलने की जिद दिखाते हैं, तो वह अक्सर और ज्यादा मेहनत करते हैं—जो कभी-कभी उल्टा असर डाल देती है।
 
कुल मिलाकर, आईपीएल 2026 बुमराह के लिए एक सीख भरा सीजन बन गया है जहां उन्हें शायद फिर से अपनी बेसिक्स पर लौटने की जरूरत है। ज्यादा एक्सपेरिमेंट की बजाय वही पुराना सिंपल और घातक बुमराह, जो बल्लेबाजों को सोचने पर मजबूर कर देता था। अगर वह ऐसा कर पाते हैं, तो वापसी ज्यादा दूर नहीं है।
लेखक के बारे में
कृति शर्मा
कृति शर्मा एक पैशनेट स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और डिजीटल कंटेंट क्रिएटर हैं, जिन्हें वेबदुनिया के साथ लगभग 3 साल का अनुभव है।  अपने करियर की शुरुआत उन्होंने पॉकेट एफएम में स्क्रिप्ट राइटर के तौर पर की थी। इंदौर के रेनैसां कॉलेज से BAJMC और  देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ जर्नलिज्म.... और पढ़ें
ये भी पढ़ें
IPL फाइनल में बदलाव! क्यों हुआ बेंगलुरु से अहमदाबाद शिफ्ट? जानें BCCI के बड़े फैसले की वजह