ENGvsIND संजू सैमसन और शिवम दुबे की 89 रनों और 43 रनों की आतिशी पारी की बदौलत भारत ने इंग्लैंड के सामने 7 विकेट खोकर मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 253 रन बना लिए। यह किसी भी नॉक आउट गेम में सबसे बड़ा स्कोर है।
इंग्लैंड ने इससे पहले टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। अभिषेक शर्मा का विकेट मिलने के बाद में जोफ्रा आर्चर ने लगभग संजू की विकेट भी निकाल दी थी लेकिन कप्तान हैरी ब्रूक ने उनका आसान कैच 15 रनों पर छोड़ दिया। यहां से इंग्लैंड कभी मैच में वापस ही नहीं आ पाई। संजू और किशन की जोड़ी ने 7 से 15 ओवर में 100 रन बनाए।
वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछले मैच में भारत की जीत के हीरो सैमसन ने 15 रन के स्कोर पर मिले जीवनदान का फायदा उठाते हुए 42 गेंद में सात छक्कों और आठ चौकों से 89 रन की पारी खेलने के अलावा इशान किशन (39) के साथ दूसरे विकेट के लिए 45 गेंद में 97 और शिवम दुबे (43 रन, 25 गेंद, चार छक्के, एक चौका) के साथ तीसरे विकेट के लिए 22 गेंद में 43 रन की साझेदारी की।
हार्दिक पंड्या (12 गेंद में 27 रन, तीन चौके, दो छक्के) और तिलक वर्मा (सात गेंद में 21 रन, तीन छक्के) ने अंत में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए भारत का स्कोर 250 रन के पार पहुंचाया।
भारत की पारी में 19 छक्के लगे जो टीम का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।इंग्लैंड की ओर से स्पिनरों विल जैक्स (40 रन पर दो विकेट) और आदिल राशिद (41 रन पर दो विकेट) ने दो-दो विकेट चटकाए। तेज गेंदबाजों जोफ्रा आर्चर और सैम कुरेन ने क्रमश: 61 और 53 रन लुटाए। आर्चर को एक विकेट मिला जबकि कुरेन की झोली खाली रही।
टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरे भारत ने सैमसन की तूफानी पारी से पावर प्ले में एक विकेट पर 67 रन बनाकर अच्छी शुरुआत की।
सैमसन ने आर्चर की लगातार गेंदों पर चौके और छक्के के साथ तेवर दिखाए। इस तेज गेंदबाज के अगले ओवर में मिड ऑन पर ब्रूक ने उनका आसान कैच छोड़ा और इस बल्लेबाज ने ओवर में दो चौके और एक छक्का जड़ दिया।
अभिषेक शर्मा (09) ने भी जैक्स पर दो चौके मारे लेकिन फिर उनकी गेंद को हवा में लहराकर डीप मिडविकेट पर सॉल्ट को कैच दे बैठे।सैमसन ने लेग स्पिनर राशिद का स्वागत चौके के साथ किया और फिर बाएं हाथ के स्पिनर लियाम डॉसन पर छक्के के साथ सिर्फ 26 गेंद में लगातार दूसरा अर्धशतक पूरा किया। इशान ने भी डॉसन पर छक्का मारा।
सैमसन और इशान ने अगले ओवर में कुरेन पर भी छक्के मारे जिससे नौवें ओवर में भारत के रनों का शतक पूरा हुआ।इशान हालांकि राशिद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में गेंद को हवा में लहराकर लॉन्ग ऑफ पर जैक्स को कैच दे बैठे।
दुबे ने आते ही राशिद पर दो छक्के मारे। सैमसन ने भी आर्चर पर दो छक्के मारे लेकिन इसके बाद जैक्स की गेंद पर सॉल्ट को कैच दे बैठे।कप्तान सूर्यकुमार यादव (11) ने राशिद पर छक्का जड़ा लेकिन अगली गेंद पर स्टंप हो गए।
पंड्या ने ओवरटन पर तीन चौकों के साथ 17वें ओवर में भारत का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया।दुबे ने कुरेन पर छक्का जड़ा लेकिन इसके बाद पंड्या के साथ गलतफहमी का शिकार होकर रन आउट हो गए।
तिलक ने 19वें ओवर में आर्चर पर तीन छक्के मारे लेकिन फिर बोल्ड हो गए।पंड्या ने अंतिम ओवर में दो छक्के जड़कर टीम का स्कोर 250 रन के पार पहुंचाया लेकिन फिर रन आउट हो गए।