1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. India has an edge over Pakistan in Asia Cup match, lack of enthusiasm at grassroots level
Written By WD Sports Desk
Last Modified: शनिवार, 13 सितम्बर 2025 (15:31 IST)

IND VS PAK : पाकिस्तान की टीम में नए चेहरे, लेकिन क्या अनुभव की कमी डुबोएगी?

ndia vs Pakistan Asia Cup 2025
India vs Pakistan Asia Cup Match Preview : सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली भारतीय टीम रविवार को एशिया कप (Asia Cup) में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ यहां होने वाले मुकाबले में प्रबल दावेदार होगी और दिलचस्प बात है कि पिछले कुछ महीनों में सीमा पर बढ़े तनाव के बावजूद इस मुकाबले को लेकर किसी तरह की ‘हाइप’ नहीं है। चार महीने बाद भारत में टी20 विश्व कप को देखते हुए मुकाबला महत्वपूर्ण है। लेकिन कई साल में पहली बार भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले क्रिकेट मैच में उस तरह के उत्साह का अभाव है जो दोनों देशों के बीच मैच में अक्सर होता है जबकि यह रविवार को खेला जा रहा है।
 
भारत के अंतिम एकादश में शुभमन गिल, सूर्यकुमार, अभिषेक शर्मा जैसे बल्लेबाज, जसप्रीत बुमराह जैसा तेज गेंदबाज, कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती जैसे  स्पिनर मौजूद हैं। कागज पर भारतीय टीम पाकिस्तान की तुलना में कहीं अधिक खतरनाक दिखती है जो नए कप्तान सलमान अली आगा के नेतृत्व में अपनी पकड़ बनाने की कोशिश कर रही है।
 
हालांकि इस प्रारूप की बदलने वाली प्रकृति को देखते हुए उलटफेर की संभावना हमेशा बनी रहती है लेकिन इस मजबूत भारतीय टीम के खिलाफ इसकी संभावना कम ही है।

पाकिस्तानी टीम के सबसे प्रतिभाशाली बल्लेबाजों में से एक सलामी बल्लेबाज सैम अयूब, मध्यक्रम के बल्लेबाज हसन नवाज तथा अबरार अहमद, सूफियान मुकीन और मोहम्मद नवाज की स्पिनरों की तिकड़ी नये लुक वाली टीम में यह बात साबित करना चाहेंगे कि उन्होंने बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान पर पूरी तरह निर्भर रहने की नीति को त्याग दिया है।
 
जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में 26 पर्यटक मारे गए थे जिससे हाल में दोनों देशों के बीच संबंधों में कड़वाहट भर गई।
 
इसके बाद हुए सैन्य अभियान और जनता के गुस्से ने महाद्वीपीय क्रिकेट के इस सबसे ‘हाई-प्रोफाइल’ मैच की तैयारी को बहुत फीका बना दिया।
 
मैच के हजारों टिकट अब भी उपलब्ध हैं और शुक्रवार को भारत के अभ्यास सत्र में बहुत कम दर्शक पहुंचे। मैच को लेकर पहले की तरह उत्साह भी गायब है।
 
सोशल मीडिया पर अपील की जा रही हैं कि भारत इस मैच का बहिष्कार करे जिससे कोई नहीं जानता कि कितने बीसीसीआई अधिकारी रविवार को मैच देखने पहुंचेंगे, वर्ना दोनों देशों के बीच मैच के दौरान बड़ी संख्या में अधिकारी मौजूद रहते थे।

भारत सरकार ने बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में राष्ट्रीय टीम को अपने कट्टर प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ मैच खेलने की अनुमति दी है लेकिन द्विपक्षीय स्तर पर ऐसा नहीं होगा।
 
 दोनों देशों के प्रतिनिधियों ने राजनीति से जुड़े मीडिया के किसी भी सवाल को सिरे से खारिज कर दिया।
 
आमतौर पर भारत-पाक मैच में भारतीय बल्लेबाजों और पाकिस्तानी तेज गेंदबाजों के बीच मुकाबला होता है लेकिन इस बार दोनों टीमों के स्पिनरों की अहम भूमिका होगी जबकि जसप्रीत बुमराह और शाहीन शाह अफरीदी ही एकमात्र विशेषज्ञ तेज गेंदबाज हैं जो रविवार को मैदान में उतरेंगे।
 
पिच में हालांकि ज्यादा टर्न नहीं है लेकिन दोनों टीमों में एक-एक दाएं हाथ के कलाई के स्पिनर और एक-एक बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर की मौजूदगी एक दिलचस्प कहानी बनाती है।
 
सूफियान मुकीम एक अच्छे गेंदबाज हैं लेकिन कुलदीप यादव जैसे चतुर गेंदबाज के आस-पास भी नहीं हैं जिनकी गुगली खेलना आसान नहीं है।
 
अबरार अहमद की लेग-ब्रेक और विकेट लेने के अनोखे अंदाज से पाकिस्तान में उनके प्रशंसकों की तादाद बढ़ी है, लेकिन वरुण चक्रवर्ती की रहस्यमयी गेंदबाजी पाकिस्तान के बल्लेबाजों के लिए खतरनाक हो सकती है।
 
वह साइम अयूब और साहिबजादा फरहान जैसे युवाओं के लिए मुश्किल साबित हो सकते हैं जो स्पिनरों को समझ नहीं पा रहे हैं।
 
बाए हाथ के स्पिनर मोहम्मद नवाल आईसीसी रैंकिंग में 30वें स्थान पर हैं लेकिन अक्षर पटेल के मुकाबले कहीं नहीं टिकते। अक्षर भारतीय टीम में सबसे अहम हैं लेकिन ‘लो प्रोफाइल’ खिलाड़ी हैं।
 
वहीं पाकिस्तान को गेंदबाजी से ज्यादा भारत का बल्लेबाजी क्रम चिंतित करेगा। गिल, अभिषेक, संजू सैमसन, सूर्यकुमार, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे अगर चल जाएं तो किसी भी गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ा सकते हैं।
 
ऑलराउंडरों की बात करें तो फहीम अशरफ की हार्दिक से कोई तुलना ही नहीं है।


 
भारत को पाकिस्तानी लाइन-अप में किसी एक गेंदबाज से सावधान रहना है तो वह शाहीन ही हैं जिनकी 2021 में इस मैदान पर यादगार यादें हैं। उन्होंने केएल राहुल, रोहित शर्मा और कुछ ओवर बाद विराट कोहली को आउट करके अपने देश को टी20 विश्व कप ग्रुप लीग मैच में शानदार जीत दिलाई थी।
 
लेकिन घुटने की सर्जरी के बाद शाहीन की ‘लेट स्विंग’ और ‘ऑफ द पिच मूवमेंट’ गायब हो गए हैं।
 
भारत के लिए आदर्श बल्लेबाजी लाइन-अप का पता लगाना ही अहम होगा। संजू सैमसन और दुबे का बल्लेबाजी क्रम में स्थान महत्वपूर्ण होगा।
 
टीमें इस प्रकार हैं :
 
भारत:
 
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, संजू सैमसन, रिंकू सिंह।
 
पाकिस्तान:
 
फखर जमां, हसन नवाज, खुशदिल शाह, साइम अयूब, सलमान आगा, हुसैन तलत, फहीम अशरफ, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद हारिस, साहिबजादा फरहान, अबरार अहमद, हारिस रऊफ, हसन अली, सलमान मिर्जा, शाहीन अफरीदी, सुफियान मुकीम, मोहम्मद वसीम जूनियर।  (भाषा) 
 
लेखक के बारे में
WD Sports Desk
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम खेलों की दुनिया से जुड़ी हर खबर को विस्तार से पेश करती है। क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी या अन्य खेलों पर आधारित लेख और न्यूज़ से लेकर महत्वपूर्ण मैचों की अपडेट्स और खेल जगत की खास घटनाएं, यह टीम पाठकों को पूरी जानकारी प्रदान करती है। स्पोर्ट्स टीम.... और पढ़ें
ये भी पढ़ें
श्रीलंका ने बांग्लादेश को एकतरफा मुकाबले में 6 विकेट से हराया