ICC ने ठुकराई बांग्लादेश की मांग, विश्वकप खेलने के लिए भारत आना होगा
अंतराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने बांग्लादेश की टी-20 विश्वकप के लिए हायब्रिड मॉडल की मांग को खारिज कर दिया है। गौरतलब है कि मुसताफिजुर को 9.2 करोड़ में कोलकाता नाइट राइडर्स ने खरीदा था। लेकिन भारत बांग्लादेश के तनावपूर्ण संबंधो के कारण भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने फ्रैंचाइजी पर उन्हें रीलीज करने का दबाव बनाया।
फ्रैंचाइजी ने उन्हें रीलीज भी कर दिया जिसके कारण बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने यह निर्णय लिया कि वह आगामी टी-20 विश्वकप खेलने के लिए भारत नहीं आएगी।
बांग्लादेश चाहती थी कि टी-20 विश्वकप में पाकिस्तान क्रिकेट टीम जैसी व्यवस्था बांग्लादेश के लिए भी हो। गौरतलब है कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम अपने सभी मैच श्रीलंका में खेलेगी। लेकिन बांग्लादेश की इस मांग को अंतराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने खारिज कर दिया है।
बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों से भारत में खेलने के लिए अनिच्छा जाहिर की थी। हालांकि दावों में दम ना मिलने के कारण आईसीसी ने बांग्लादेश को भारत में ही सभी मैच खेलने की हिदायत दी।
बांग्लादेश को अपने सभी लीग मैच भारत में खेलने हैं – तीन कोलकाता में और एक मुंबई में। अगर बांग्लादेश टी-20 विश्वकप से नाम वापस लेता है तो उसे भारी जुर्माना वहन करना पड़ेगा या फिर अंक गंवाने पड़ेंगें।
बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना को सत्ता से बेदखल किए जाने के बाद दोनों देशों के बीच संबंध तनावपूर्ण हो गए। शेख हसीना पिछले साल अगस्त में सरकार विरोधी प्रदर्शनों के बाद भारत आ गई थीं।
बांग्लादेश की एक अदालत ने उन्हें मौत की सजा सुनाई थी। उन पर आंदोलन के दौरान हुई घातक कार्रवाई में कथित भूमिका निभाने का आरोप था, जिसमें कई छात्र मारे गए थे।
बांग्लादेश में पिछले दिनों हिन्दुओं के खिलाफ हिंसा की बढ़ते मामले से स्थिति और बिगड़ गयी है।