गुरुवार, 12 मार्च 2026
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Harshit Rana set to be ruled out from T20I World Cup
Written By WD Sports Desk
Last Updated : शुक्रवार, 6 फ़रवरी 2026 (20:32 IST)

चोट के कारण टी20 विश्व कप से बाहर हो सकते हैं भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा

Harshit Rana
भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका में होने वाले 2026 टी 20 वर्ल्ड कप से बाहर हो सकते हैं। चैंपियनशिप, जो 24 घंटे के अंदर शुरू होने वाली है, के लिए राणा की संभावित अनुपलब्धता का संकेत भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने दिया। सूर्यकुमार यादव ने वर्ल्ड कप में भारत के पहले मैच की पूर्व संध्या पर कहा, “वह अभी तक बाहर नहीं हुए हैं, लेकिन संदिग्ध लग रहे हैं। हमें शाम तक पता चल जाएगा।

बुधवार को वार्म-अप मैच (मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ) के दौरान उन्हें थोड़ी चोट लगी थी, लेकिन स्थिति बहुत उत्साहजनक नहीं है।” डिफेंडिंग चैंपियन भारत शनिवार (7 फरवरी) को मुंबई के वानखेड़े में अमेरिका से भिड़ेगा। उस मैच में उन्होंने सिर्फ़ एक ओवर डाला और फिर मैदान छोड़ दिया था। बाद में राणा की जांघ पर स्ट्रैप बंधी हुई देखी गई और सूर्यकुमार ने कहा कि उनकी उपलब्धता को लेकर अंतिम फ़ैसला शाम तक पता चलेगा।

सूर्यकुमार ने भारत के पहले T20 विश्व कप मैच की पूर्व संध्या पर कहा, “उन्हें अभी बाहर नहीं किया गया है। फ़िजियो उनकी जांच कर रहे हैं। लेकिन मुझे लगता है कि आज हमें पता चल जाएगा कि आगे क्या होने वाला है। हालांकि यह ठीक नहीं लग रहा है और यह उचित स्थिति नहीं है।”

राणा ऐसे खिलाड़ी हैं जो इस फ़ॉर्मेट में बल्लेबाज़ी को गहराई दे सकते हैं। हालांकि अगर बाक़ी सभी खिलाड़ी फ़िट रहते हैं तो उनकी अनुपलब्धता बहुत बड़ी चिंता का कारण नहीं हो सकती। ऐसे में अक्षर पटेल के नंबर आठ पर खेलने की उम्मीद है और जसप्रीत बुमराह व अर्शदीप सिंह भारत के दो तेज गेंदबाज होंगे। सूर्यकुमार ने हंसते हुए कहा ,”चिंता मत कीजिए, कल के लिए हमारे पास 11 खिलाड़ी हैं। लेकिन यह ज़ाहिर तौर पर एक बड़ा झटका है, क्योंकि आप 15 खिलाड़ियों का दल बहुत सारी संयोजनों को ध्यान में रखकर बनाते हैं। हमने भी उसी सोच के साथ टीम बनाई है।

“अगर वह आगे हमारे लिए उपलब्ध नहीं रहते हैं, तो हम दूसरे संयोजन तैयार करेंगे, जैसे भी संभव हो। लेकिन हमारे पास पर्याप्त खिलाड़ी और पर्याप्त संयोजन हैं, जिन्हें हम इस टूर्नामेंट में सभी टीमों के ख़िलाफ आजमा सकते हैं। हालांकि निश्चित तौर पर हम उन्हें मिस करेंगे।” राणा ने हाल ही में न्यूज़ीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में खेले गए पांच T20I में से तीन मैच खेले थे, जिसे भारत ने 4-1 से जीता था।


घरेलू विश्व कप में 15 खिलाड़ियों के दल की घोषणा करने के दौरान भारत ने कोई भी रिज़र्व खिलाड़ी नहीं चुना था। सूर्यकुमार ने आगे कहा कि अगर राणा बाहर होते हैं, तो वह ऐसे रिप्लेसमेंट की तरफ जाएंगे, जो बल्लेबाज़ी भी कर सके। हालांकि यह कोई अनिवार्य शर्त नहीं होगी। बुमराह और अर्शदीप के अलावा भारतीय दल में तेज गेंदबाज़ी के अन्य विकल्प ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे हैं।

सूर्यकुमार ने कहा, “हम देखेंगे कि पिछले एक या दो साल में किन तेज गेंदबाज़ों ने वास्तव में अच्छा प्रदर्शन किया है और कौन-सा गेंदबाज बल्लेबाज़ी भी कर सकता है। लेकिन यह कोई सख़्त नियम नहीं है कि उसे बल्लेबाज़ी आनी ही चाहिए क्योंकि अगर आप नंबर 9 या 10 पर आने वाले खिलाड़ी से छक्का लगाने की उम्मीद कर रहे हैं, तो फिर आपके शीर्ष आठ बल्लेबाज किस काम के हैं। लेकिन हम देखेंगे कि किसे चुना जाए। हमारे पास कुछ विकल्प हैं, लेकिन हम सबसे बेहतर को ही चुनेंगे।” 24 वर्षीय राणा ने नंबर 8 पर एक उपयोगी विकल्प के तौर पर ख़ुद को साबित किया है। हाल ही में न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ तीसरे वनडे में उन्होंने 43 गेंदों में 52 रन की पारी खेली थी और 338 रन के मुश्किल लक्ष्य का पीछा कर रही भारतीय टीम के लिए विराट कोहली के साथ 99 रन की काउंटर-अटैकिंग साझेदारी की थी।