मिचेल फील्पिस के शतक, बेदम भारतीय गेंदबाजी के सामने न्यूजीलैंड ने बनाए 337 रन
INDvsNZ शुरुआती झटकों से उबरते हुए न्यूजीलैंड ने डैरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स के शतक की बदौलत इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेले एकदिवसीय मैच में 8 विकेट के नुकसान पर 337 रन बना लिए।
यह पहली बार है जब किसी मेहमान टीम के 2 बल्लेबाज ने इस मैदान पर शतक बनाया है। यह किसी मेहमान टीम द्वारा इस मैदान पर बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर है।
एक समय न्यूजीलैंड ने 5 रनों पर 2 विकेट और 57 रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे। लेकिन उसके बाद भारतीय गेंदबाजों को 33 ओवरों तक विकेट के लिए तरसना पड़ा। हालांकि जब दोनों शतकवीर आउट हुए न्यूजीलैंड के भी विकेटों को पतन हुआ और जो स्कोर 350 रन लग रहा था वह 337 रनों तक रहा।
मिचेल ने इस सीरीज में अपनी शानदार फार्म बरकरार रखते हुए 131 गेंदों पर 137 रन में 15 चौके और तीन छक्के लगाये। जबकि फिलिप्स ने 88 गेंदों पर 106 रन में नौ चौके और तीन छक्के मारे। दोनों बल्लेबाजों के बीच चौथे विकेट के लिए 219 रनों की साझेदारी भारत के खिलाफ किसी भी विकेट के लिए न्यूजीलैंड की दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है।
आज यहां भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड ने महज पांच रन के स्कोर पर अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिये। हेनरी निकल्स (शून्य), डेवन कॉन्वे (पांच) रन बनाकर आउट हुये। इसके बाद डैरिल मिचेल ने विल यंग के साथ तीसरे विकेट के लिए 53 रन जोड़े। 13वें ओवर में हर्षित राणा ने विल यंग (30) को आउटकर भारत को तीसरी सफलता दिलाई।
इसके बाद बल्लेबाजी करने आये ग्लेन फिलिप्स ने डैरिल मिचेल के साथ शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 219 रनों की साझेदारी कर बड़े स्कोर की नींव रखी। इस दौरान दोनों बल्लेबाजों ने अपने-अपने शतक पूरे किये। 44वें ओवर में अर्शदीप ने ग्लेन फिलिप्स को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। ग्लेन फिलिप्स ने 88 गेंदों में नौ चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए 106 रनों की पारी खेली। 45वें ओवर में न्यूजीलैंड का पांचवां विकेट डैरिल मिचेल के रूप में गिरा। उन्हें मोहम्मद सिराज ने कुलदीप यादव के हाथों कैच आउट कराया। भारत ने आखिरी ओवरों में शानदार वापसी करते हुए न्यूजीलैंड के विकेट निकाले और उसे 337 स्कोर पर रोक दिया।
भारत की ओर से अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा ने तीन-तीन विकेट लिये। मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।