बांग्लादेश ने किया भारत में खेले जाने वाले T-20I विश्वकप का बहिष्कार
बांग्लादेश सरकार ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को यह हिदायत दी है कि वह भारत में होने वाले टी-20 विश्वकप में वह हिस्सा ना ले। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड से जारी बयान में यह कहा गया कि सुरक्षा के मद्देनजर वह भारत जाने को राजी नहीं है।
गौरतलब है कि बुधवार शाम को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को यह जानकारी दी थी कि उसके मैच भारत में ही खेले जाएंगे पाकिस्तान की तरह श्रीलंका में नहीं। बांग्लादेश को निर्णय लेने के लिए 24 घंटे समय और दिया गया था।
आईसीसी ने यह भी साफ कर दिया था कि टी-20 विश्वकप में अगर बांग्लादेश नहीं आएगा तो उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया जाएगा। यह अब लगभग तय हो चुका है कि स्कॉटलैंड को विश्वकप का टिकट मिल चुका है।
बांग्लादेश की मांग को भू राजनैतिक तौर पर सिर्फ पाकिस्तान का ही समर्थन मिला था। जिसने कल वोटिंग के दौरान बांग्लादेश की मांग का समर्थन किया था। बाकि किसी देश ने बांग्लादेश के पक्ष में वोटिंग नहीं की थी।
एक कड़ा रुख अपनाते हुए बांग्लादेश के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने राष्ट्रीय टीम के खिलाड़ियों के साथ बैठक के बाद घोषणा की कि आईसीसी का रुख उन्हें स्वीकार्य नहीं है।
नजरुल ने कहा, हालांकि हमारे क्रिकेटरों ने विश्व कप के लिए क्वालिफाई करने के लिए कड़ी मेहनत की है लेकिन भारत में खेलने को लेकर सुरक्षा का खतरा अब भी बना हुआ है। यह चिंता किसी काल्पनिक विश्लेषण पर आधारित नहीं है।
उन्होंने आगे कहा, हम अब भी उम्मीद नहीं छोड़ रहे हैं। हमारी टीम तैयार है। हमें उम्मीद है कि आईसीसी हमारे वास्तविक सुरक्षा जोखिमों पर विचार करके हमें श्रीलंका में खेलने की इजाजत देकर न्याय करेगा।
बांग्लादेश को भारत में चार मैच (तीन कोलकाता में और एक मुंबई में)खेलने हैं। देश ने सुरक्षा चिंताओं को तब उठाया जब तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को भारतीय क्रिकेट बोर्ड के निर्देशों पर चारों ओर हो रहे घटनाक्रमों के कारण इंडियन प्रीमियर लीग से बाहर कर दिया गया था।