1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Australia Clinches 4-1 Ashes Victory in Emotional Sydney Finale
Written By WD Sports Desk
Last Updated : गुरुवार, 8 जनवरी 2026 (19:04 IST)

5 विकेटों से पांचवा टेस्ट जीतकर ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के खिलाफ 4-1 से जीती एशेज

Australia
AUSvsENG ऑस्ट्रेलिया ने सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर पांचवे और आखिरी टेस्ट में इंग्लैंड को पांच विकेट से हराकर एशेज सीरीज 4-1 से अपने नाम कर ली, जिसमें गर्मियों में उनका दबदबा रहा।आखिरी दिन 160 रनों का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया ने 31.2 ओवरों में 160 रन बना लिए। पहली पारी में 384 रन बनाने वाली इंग्लैंड की टीम जैकब बेथेल के 154 रन के बावजूद खेल के पांचवें और अंतिम दिन अपनी दूसरी पारी में 342 रन बनाकर आउट हो गई। इस तरह से पहली पारी में 567 रन बनाकर 183 रन की बढ़त हासिल करने वाली ऑस्ट्रेलिया की टीम को जीत के लिए 160 रन का लक्ष्य मिला।

लगातार विकेट गिरने और एक विवादास्पद डीआरएस समीक्षा के बाद तनाव बढ़ता गया, लेकिन एलेक्स कैरी ने विजयी रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया को 31.2 ओवर में पांच विकेट पर 161 रन तक पहुंचाया।कैरी 16 रन और कैमरन ग्रीन 22 रन बनाकर नाबाद रहे। यह 39 वर्षीय उस्मान ख्वाजा का आखिरी टेस्ट मैच था और इस तरह से उन्होंने जीत के साथ संन्यास लिया।
स्टीव स्मिथ (12) के विल जैक्स की गेंद पर आउट होने के बाद ख्वाजा क्रीज पर आए। उस समय ऑस्ट्रेलिया का स्कोर तीन विकेट पर 92 रन था। पिच की ओर जाते समय इंग्लैंड के खिलाड़ियों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। उन्होंने इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स से हाथ मिलाया और फिर अपने साथी खिलाड़ी मार्नस लाबुशेन को गले लगाया।उन्होंने रिवर्स स्वीप से चौका लगाकर अपना खाता खोला और फिर दो रन लिए।

लाबुशेन को 20 रन के निजी योग पर जीवनदान मिला जब बेथेल ने उनका आसान कैच छोड़ दिया। लाबुशेन ने इसका फायदा उठाकर जैक्स के अगले ओवर में 16 रन बनाए। लेकिन तभी ख्वाजा ने जोश टोंग की गेंद अपने विकटों पर खेल दी। इस तरह से उनकी आखिरी पारी सात गेंदों तक चली और उन्होंने सिर्फ छह रन बनाए। उन्होंने मैदान पर बने ‘थैंक यू उज़ी’ के साइन के सामने घुटने टेककर जमीन को चूमा और 88 टेस्ट मैचों के बाद आखिरी बार पवेलियन लौट गए।

इसके बाद लाबुशेन 40 गेंदों पर 37 रन बनाकर रन आउट हो गए। उन्होंने मिड-ऑफ की तरफ ड्राइव किया और एक रन लेने के लिए दौड़े, लेकिन कैरी ने उन्हें वापस भेज दिया। उस समय ऑस्ट्रेलिया का स्कोर पांच विकेट पर 121 रन था। इसके बाद कैरी और ग्रीन ने ऑस्ट्रेलिया को लक्ष्य तक पहुंचाया।
इससे पहले इंग्लैंड में पांचवें दिन सुबह अपनी दूसरी पारी आठ विकेट पर 302 रन से आगे बढ़ाई और 40 रन जोड़कर अपने बाकी बचे दोनों विकेट गंवाए।मिचेल स्टार्क ने बेथेल और टोंग (06) को आउट करके इंग्लैंड की पारी समाप्त की। उन्होंने श्रृंखला में 19.9 के औसत से 31 विकेट लेकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। इसके अलावा उन्होंने कुछ अवसरों पर अच्छी बल्लेबाजी भी की और उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया।
ये भी पढ़ें
T20I विश्वकप के लिए भारत ना आने पर अड़ा बांग्लादेश, ICC को दूसरा पत्र लिखकर किया अनुरोध