1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Anshul Kamboj adjudged man of the match against Newzealand

बुमराह के रिकॉर्ड की बराबरी करने वाले अंशुल कम्बोज बने मैन ऑफ द मैच

Anshul Kamboj
न्यूजीलैंड के खिलाफ अर्शदीप सिंह ने 4 विकेट लिए और विराट कोहली ने शानदार 74 रनों की पारी खेली लेकिन फिर भी मैन ऑफ द मैच अंशुल कम्बोज को क्यों मिला। जबकि उनसे ज्यादा (3) विकेट गुरनूर बरार ने लिए। वह इस कारण क्योंकि उन्होंने अपने 10 ओवर के कोटे में सिर्फ 22 रन दिए और 2 विकेट झटके।

पहले उन्होंने न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेन सैंटनर को बोल्ड कर एकदिवसीय प्रारुप में अपना पहला विकेट लिया उसके बाद नेथन स्मिथ के बल्ले का किनारा निकलवाया जिसे कोहली ने शानदार तरीके से लपका। यह प्रदर्शन पिछले 10 साल में किसी भी भारतीय गेंदबाज द्वारा सबसे किफायती प्रदर्शन था। इससे पहले साल 2016 में जसप्रीत बुमराह ने जिम्बाब्वे के खिलाफ यही गेंदबाजी प्रदर्शन किया था।

अंशुल कम्बोज ने वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना एकदिवसीय पदार्पण किया था जो भुलाने लायक रहा था। वह डेब्यू पर दूसरे सबसे महंगे गेंदबाज साबित हुए थे जब उन्होंने 9 ओवर में 82 रन रन दिए। इससे पहले वाले एकदिवसीय मैच में आकिब नबी ने यह रिकॉर्ड अपने नाम किया था जब उन्होंने 8.3 ओवर में 88 रन देकर डेब्यू पर सबसे महंगा गेंदबाजी प्रदर्शन रहा था।

लेकिन आज अंशुल कम्बोज  ने एक दम कसी हुई गेंदबाजी की। उनके स्पैल में सिर्फ डैरिल मिचल ही एक चौका मार पाए।
अगर कम्बोज के प्रथम श्रेणी करियर की बात की जाए तो दाएं हाथ की तेज गेंदबाजी करने वाले हरियाणा के इस तेज गेंदबाज ने 24 प्रथम श्रेणी मैचों में 22.88 की औसत से 79 विकेट लिए हैं, जिसमें दो पंजा और एक 10-विकेट हॉल शामिल है।

उन्होंने केरल के खिलाफ एक रणजी ट्रॉफी मैच की एक पारी में 10 विकेट लिए थे। वहीं 2024-25 के दलीप ट्रॉफ़ी में उन्होंने तीन मैचों की आठ पारियों में 16 विकेट लिए थे, जिसमें एक पारी में 8 विकेट-हॉल शामिल था।

उन्होंने अपने इस प्रदर्शन की मदद से प्लेयर ऑफ़ द टूर्नामेंट का खिताब जीता और चयनकर्ताओं की नजर में अपनी जगह बनाई।

एक खराब मैच से खिलाड़ी का करियर तय नहीं होता: कंबोज

भारतीय तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज अपने शुरुआती एकदिवसीय करियर में अच्छे और खराब दोनों दौर देख चुके हैं। उन्होंने बुधवार को कहा कि 50 ओवर के प्रारूप में उनका निराशाजनक पदार्पण अपने खेल में सुधार करने की प्रेरणा बना।   

कंबोज ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘‘एक खराब मैच से किसी खिलाड़ी का करियर तय नहीं होता। मैंने हमेशा की तरह अपनी प्रक्रिया पर ध्यान दिया। एक मैच में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाने का मुझ पर ज्यादा असर नहीं पड़ा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘बल्कि इससे मुझे बेहतर करने की काफी प्रेरणा मिली और उन क्षेत्रों को समझने में मदद मिली जिनमें मुझे सुधार करने की जरूरत है। नतीजे हमेशा आपके पक्ष में नहीं होते।’’

वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच के बाद सोशल मीडिया पर हुई आलोचना के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘मैं इन चीजों पर ज्यादा ध्यान नहीं देता। मेरा ध्यान अपने क्रिकेट और गेंदबाज के तौर पर खुद को बेहतर बनाने पर रहता है। लोग मेरे बारे में क्या सोचते हैं या क्या कहते हैं मैं उस पर ज्यादा ध्यान नहीं देता। इसलिए इससे मुझे कोई खास फर्क नहीं पड़ता।’’

कंबोज को ऑकलैंड में अपने इसी संयमित रवैये का फायदा मिला और उन्होंने न्यूजीलैंड के बल्लेबाज मिचेल सैंटनर तथा नाथन स्मिथ के विकेट हासिल किए।उन्होंने कहा, ‘‘ईडन पार्क की पिच पर थोड़ी सीम मूवमेंट थी लेकिन सही लेंथ और सही क्षेत्र में गेंदबाजी करना भी महत्वपूर्ण था।’’

कंबोज ने कहा, ‘‘पिच से मदद हासिल करने का यही एक तरीका है। अगर आप सही लेंथ से चूकते हैं तो रन लुटा सकते हैं। इसलिए मैं ज्यादा से ज्यादा गेंदें सही क्षेत्र में डालने की कोशिश कर रहा था।’’
लेखक के बारे में
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम खेलों की दुनिया से जुड़ी हर खबर को विस्तार से पेश करती है। क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी या अन्य खेलों पर आधारित लेख और न्यूज़ से लेकर महत्वपूर्ण मैचों की अपडेट्स और खेल जगत की खास घटनाएं, यह टीम पाठकों को पूरी जानकारी प्रदान करती है। स्पोर्ट्स टीम.... और पढ़ें
अगला लेख
Birthday से ठीक पहले विराट कोहली ने तोड़ा अपने Idol सचिन तेंदुलकर का महारिकॉर्ड, बने रन चेज के नए किंग! [VIDEO]