IND vs SA Lucknow Match : लखनऊ के इकाना स्टेडियम में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच होने वाला चौथा टी-20 मैच रद्द होने के बाद सबसे पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhikesh Yadav) ने इस मुद्दे पर सीधे यूपी की भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि मैच को कोहरे की वजह से नहीं, बल्कि स्मॉग (Smog) की वजह से रद्द किया गया।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि दिल्ली का प्रदूषण अब लखनऊ तक पहुंच गया है। इसीलिए लखनऊ में आयोजित होनेवाला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच नहीं हो पा रहा है। दरअसल इसकी वजह कोहरा या फ़ॉग नहीं, स्मॉग है। हमने जो पार्क लखनऊ की शुद्ध हवा के लिए बनवाए थे, भाजपा सरकारव हां भी इंवेटबाजी करवाकर उन्हें बर्बाद करना चाहती है। भाजपाई न इंसान के सगे हैं, न पर्यावरण के। मुंह ढक लीजिए कि आप लखनऊ में हैं।"
उनकी पोस्ट के साथ स्टेडियम की दो तस्वीरें भी थीं, जिनमें घनी धुंध के कारण सामने का स्टैंड तक साफ नजर नहीं आ रहा था।
अखिलेश के बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। कई यूजर्स ने कहा कि मैच ज्यादा कोहरे (फॉग) की वजह से रद्द हुआ, न कि प्रदूषण के कारण। कुछ लोगों ने AQI का हवाला देते हुए कहा कि बिना Facts के सरकार पर हमला करना सही नहीं है।
फैंस मायूस, रिफंड की मांग
मैच रद्द होने से सबसे ज्यादा निराशा क्रिकेट फैंस में दिखी। हजारों दर्शक स्टेडियम पहुंचे थे, लेकिन एक भी गेंद फेंके बिना उन्हें लौटना पड़ा। कुछ फैंस ने रिफंड की मांग की। न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए एक फैन ने बताया कि उसने तीन बोरी गेहूं बेचकर टिकट खरीदा था और मैच देखने आया था।
सरकार की सफाई: AQI मध्यम स्तर पर, फर्जी ऐप्स से बचें
इस पूरे विवाद के बीच उत्तर प्रदेश सरकार और अधिकारियों ने अखिलेश यादव के दावों को खारिज किया। अधिकारियों के मुताबिक, लखनऊ का AQI करीब 174 था, जो मध्यम श्रेणी में आता है। सरकार ने कहा कि मैच रद्द होने की वजह खराब दृश्यता और घना कोहरा था, न कि गंभीर प्रदूषण।
सरकार ने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया और कुछ निजी एयर क्वालिटी ऐप्स पर दिखाए जा रहे आंकड़ों पर भरोसा न करें। अधिकारियों का कहना है कि ये ऐप्स कई बार बिना तय मानकों के या बहुत सीमित इलाकों का डेटा दिखाते हैं, जिससे असली स्थिति साफ नहीं हो पाती। भारत में वायु गुणवत्ता का आधिकारिक आकलन CPCB और राष्ट्रीय वायु गुणवत्ता सूचकांक (NAQI) के तहत किया जाता है, जिसमें प्रमाणित मशीनों से 24 घंटे का औसत डेटा लिया जाता है।
आखिर क्यों रद्द हुआ मैच?
बुधवार शाम मैच का टॉस होना था, लेकिन लगातार छह बार निरीक्षण के बावजूद अंपायरों को खेलने लायक हालात नहीं मिले। रात करीब 9:25 बजे यह साफ हो गया कि जैसे-जैसे रात बढ़ेगी, दृश्यता और खराब होगी। इसके बाद बिना एक भी गेंद डाले मैच रद्द करने का फैसला लिया गया।
इस तरह इकाना स्टेडियम में मैच रद्द होने का मामला अब सिर्फ क्रिकेट तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सियासत, प्रदूषण, फैंस की नाराजगी और सरकारी सफाई सब कुछ एक साथ चर्चा का विषय बन गया है।
मैच रद्द होने के बीच भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) मास्क पहनकर मैदान पर नजर आए, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गईं। हार्दिक का मास्क पहनना फैंस के बीच चर्चा का विषय बन गया और इसे खराब हवा व धुंध से जोड़कर देखा गया। इन तस्वीरों ने कोहरा बनाम स्मॉग की बहस को और हवा दे दी।