1. समाचार
  2. व्यापार
  3. समाचार
  4. windfall-tax-imposed-on-petrol-export-diesel-atf-duty-cut-hindi

मोदी सरकार का बड़ा फैसला: पेट्रोल निर्यात पर लगा 3 रुपए विंडफॉल टैक्स, डीजल और ATF ड्यूटी में भारी कटौती

windfall tax on petrol
Windfall Tax on Petrol : मोदी सरकार ने पेट्रोल निर्यात पर 3 रुपए का अप्रत्याशित लाभ कर यानी विंडफॉल टैक्स लगा दिया है। वहीं दूसरी तरफ, डीजल और विमानन टरबाइन ईंधन (एटीएफ) के निर्यात शुल्क में भारी कटौती करके कंपनियों को राहत दी है। डीजल के निर्यात शुल्क को 23 रुपये से घटाकर 16.5 रुपए और एटीएफ को 33 रुपए से घटाकर 16 रुपए प्रति लीटर कर दिया है। यह फैसला 16 मई से पूरे देश में लागू कर दिया गया है।
 
पेट्रोल के निर्यात पर अब 3 रुपए प्रति लीटर स्पेशल एडिशनल एक्साइज ड्यूटी लगेगी। डीजल पर यह दर 16.5 रुपए प्रति लीटर और ATF यानी विमान ईंधन पर 16 रुपए प्रति लीटर तय की गई है। 
 
सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह टैक्स केवल निर्यात पर लागू है। देश के भीतर बिकने वाले पेट्रोल-डीजल के टैक्स में कोई बदलाव नहीं किया गया है, इसलिए आम जनता की जेब पर इसका सीधा असर नहीं पड़ेगा। अब तक पेट्रोल के निर्यात पर कोई शुल्क नहीं लगता था। पेट्रोल, डीजल और एटीएफ पर अब रोड एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सेस यानी RIC शून्य कर दिया गया है।
 

क्यों लगाया विंडफॉल टैक्स?

एनर्जी कंपनियों के सामान्य से अधिक मुनाफे पर विंडफॉल टैक्स लगाया जाता है। पश्चिमी एशिया में चल रहे युद्ध के चलते घरेलू मार्केट में तेल की उपलब्धता बनाए रखने के लिए अप्रैल 2026 सरकार ने डीजल पर 55.5 रुपए और एटीएफ पर 42 रुपए प्रति लीटर विंडफाल टैक्स लगाया था। यह टैक्स इसलिए लगाया गया था ताकि डीजल और एटीएफ का निर्यात करने वाली कंपनियां घरेलू और विदेशी बाजारों में कीमतों में फर्क से अनुचित फायदा न उठा सके। कीमतें कम होने पर 1 मई को विंडफॉल टैक्स डीजल पर 23 रुपए और एटीएफ 33 रुपए कर दिया गया। 
 
गौरतलब है कि वैश्विक स्तर पर तेल संकट को देखते हुए तेल कंपनियों ने शुक्रवार को देशभर में पेट्रोल डीजल की कीमतों में 3 रुपए का इजाफा किया था। दिल्ली में पेट्रोल 97.77 रुपए प्रति लीटर हैं तो तिरुवनंतपुरम में इसके दाम 110.58 रुपए प्रति लीटर है। इसी तरह राजधानी में डीजल 90.67 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है जबकि तिरुवनंतपुरम में इसके 99.35 रुपए प्रति लीटर चुकाने पड़ रहे हैं।
edited by : Nrapendra Gupta
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
Top News 16 May: पेट्रोल पर विंडफॉल टैक्स लगा, NEET पेपर लीक का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, नीदरलैंड्स दौरे पर पीएम मोदी