मंगलवार, 17 फ़रवरी 2026
  1. समाचार
  2. व्यापार
  3. समाचार
  4. reliance industries q3 results revenue jumps 10 percent to rs 2 94 lakh crore
Last Updated :मुंबई , शुक्रवार, 16 जनवरी 2026 (20:20 IST)

RIL Q3 Results : रिलायंस इंडस्ट्री के तीसरी तिमाही के नतीजे, रेवेन्यू 10% बढ़कर 2.94 लाख करोड़ रुपए, AI और न्यू एनर्जी जैसे क्षेत्रों में फोकस

Reliance Industries
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) ने 16 जनवरी को चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर) के नतीजे घोषित किए हैं। कंपनी ने दिसंबर तिमाही के रिजल्ट जारी करते हुए बताया है कि कंपनी की कंसोलिडेटेड इनकम सालाना आधार पर 10% बढ़कर 2.94 लाख करोड़ रुपए हो गई। यह बढ़ोतरी डिजिटल सर्विसेज, ऑयल-टू-केमिकल और रिटेल कारोबार के बेहतर प्रदर्शन से हुई है। 
 
किस क्षेत्र में हुई बढ़ोतरी 
पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में कंपनी की आय 2.67 लाख करोड़ रुपए रही थी। तीसरी तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट (प्री माइनॉरिटी) सालाना आधार पर 1.6 फीसदी बढ़कर 22,290 करोड़ रुपए हो गया जबकि टैक्स से पहले मुनाफा (PBT) 3.7 प्रतिशत बढ़कर 29,697 करोड़ रुपए पहुंच गया। रिलायंस का समेकित EBITDA सालाना आधार पर 6.1% बढ़कर 50,932 करोड़ रुपए (5.7 अरब डॉलर) रहा। इसमें O2C और जियो का मज़बूत योगदान रहा, जबकि ऑयल एंड गैस कारोबार अच्छा रहा। रिलायंस का समेकित कर पश्चात लाभ और एसोसिएट्स व जॉइंट वेंचर्स से लाभ/हानि का हिस्सा सालाना आधार पर 1.6% बढ़कर 22,290 करोड़ रुपए (2.5 अरब डॉलर) हो गया।
मुकेश अंबानी बोले- रिलायंस का AI और न्यू एनर्जी के क्षेत्र में नई वैल्यू क्रिएशन के दौर में प्रवेश
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश डी. अंबानी ने कहा कि FY26 की तीसरी तिमाही में रिलायंस का परफॉर्मेंस दिखाता है कि हमारे सभी व्यवसायों में लगातार मजबूत फाइनेंशियल डिलीवरी और ऑपरेशनल मजबूती बनी हुई है।
 
रिलायंस अब AI और न्यू एनर्जी के क्षेत्र में नई वैल्यू क्रिएशन के दौर में प्रवेश कर रहा है। मुझे पूरा भरोसा है कि ये टेक्नोलॉजीज़ आने वाले समय की दिशा तय करेंगी, और रिलायंस - भारत और दुनिया के लिए बड़े पैमाने पर सस्टेनेबल सॉल्यूशंस देने में अग्रणी भूमिका निभाएगा। जियो का डिजिटल इकोसिस्टम अब भारतीय घरों में, और गहराई से अपनी जगह बना रहा है। मोबाइल और ब्रॉडबैंड प्रोडक्ट्स के जरिए हम मोबाइल फोन, घरों, उपकरणों और एंटरप्राइजेस को आपस में जोड़ रहे हैं। हमारे मीडिया प्लेटफॉर्म्स और कनेक्टिविटी की साझी ताकत से कस्टमर एंगेजमेंट में खासी बढ़ोतरी हुई है। इस तिमाही में जियो ने अपने सब्सक्राइबर बेस को और बढ़ाया। खासतौर पर भारत के लिए तैयार किए गए हमारे स्वदेशी टेक्नोलॉजी स्टैक पर आधारित आकर्षक ऑफर्स के चलते ये संभव हुआ। जियो ने इस दौरान EBITDA में 16.4% की शानदार ग्रोथ दर्ज की।
 
हमारे रिटेल बिजनेस के लिए भी यह तिमाही काफी अहम रही। नए ब्रांड्स और प्रोडक्ट रेंज जुड़ने से पोर्टफ़ोलियो और मज़बूत हुआ। इसी तिमाही में कंज़्यूमर प्रोडक्ट्स बिजनेस का डीमर्जर भी हुआ। पारंपरिक भारतीय ब्रांड्स से लेकर नए दौर के लेबल्स तक, विविध प्रोडक्ट पोर्टफोलियो के साथ, कंज़्यूमर प्रोडक्ट्स वर्टिकल अब एक फोकस्ड ऑर्गनाइजेशनल स्ट्रक्चर के साथ, तेज ग्रोथ की दिशा में आगे बढ़ रहा है। देशभर में हमारी मजबूत ओम्नी-चैनल मौजूदगी और हाइपरलोकल क्विक डिलीवरी में अच्छी पकड़ ने रिटेल के परफॉर्मेंस को मज़बूती दी।
 
O2C बिज़नेस में ग्रोथ का नेतृत्व बेहतर फ़्यूअल मार्जिन और अनुकूल डिमांड-सप्लाई वातावरण ने किया। साथ ही ऑपरेशनल फ्लेक्सिबिलिटी का भी फायदा मिला। जियो-बीपी नेटवर्क के लगातार विस्तार के साथ हमारा फ्यूल रिटेलिंग बिजनेस भी दमदार ग्रोथ दिखा रहा है। अपस्ट्रीम सेगमेंट पर कम वॉल्यूम और कीमतों का असर पड़ा। रिलायंस के मजबूत कैश-फ़लो और बैलेंस शीट को अंतरराष्ट्रीय रेटिंग एजेंसियों से भी पहचान मिली है। विदेशी मुद्रा में जारी किए गए हमारे डेट को S&P ग्लोबल रेटिंग्स से ‘A-’ की रेटिंग मिली है।
akash ambani
आकाश अंबानी बोले- डिजिटल क्रांति को दी नई रफ्तार 
रिलायंस जियो इन्फ़ोकॉम के चेयरमैन आकाश एम. अंबानी ने कहा कि “जियो ने दुनिया के बेहतरीन टेक्नोलॉजी प्लेटफ़ॉर्म्स को भारतीय यूज़र्स तक पहुंचाकर भारत की डिजिटल क्रांति को नई रफ़्तार दी है। जियो के 50 करोड़ से ज्यादा सब्सक्राइबर्स, ग्राहकों की जरूरतों की गहरी समझ और देशभर में फैले डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के ज़रिए रिलायंस इंटेलिजेंस को वह ताकत मिलेगी जिसके ज़रिए भारत सिर्फ AI-enabled ही नहीं, बल्कि AI-empowered बनेगा। इससे हर नागरिक और हर एंटरप्राइज़ AI टूल्स का इस्तेमाल कर create, innovate और grow कर सकेगा। आने वाले वर्षों में इससे सभी स्टेकहोल्डर्स के लिए लंबे समय तक वैल्यू क्रिएशन होगा।
ईशा एम. अंबानी ने कहा- भारतीय रिटेल को नए सिरे किया परिभाषित
रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड की एग्ज़ीक्यूटिव डायरेक्टर ईशा एम. अंबानी ने कहा कि इस तिमाही में दमदार प्रदर्शन करते हुए लाखों ग्राहकों की अलग-अलग शॉपिंग ज़रूरतों को पूरा करने में सफलता प्राप्त की है। ट्रेंड-फोकस्ड प्रोडक्ट्स और सीमलेस ओम्नी-चैनल एक्सपीरियंस को प्राथमिकता देकर हम लगातार मज़बूत कस्टमर एंगेजमेंट और लॉयल्टी बना रहे हैं। बदलते कंज़्यूमर ट्रेंड्स के बावजूद हम इनोवेशन और एक्सेलेंस के ज़रिये भारतीय रिटेल को नए सिरे से परिभाषित करने के अपने विज़न पर पूरी मज़बूती से आगे बढ़ रहे हैं। Edited by : Sudhir Sharma
ये भी पढ़ें
UP में पारंपरिक व्यंजनों को मिलेगा वैश्विक बाजार, CM योगी ने शुरू की 'एक जनपद-एक व्यंजन' योजना