रिलायंस इंडस्ट्रीज के Q1 FY27 नतीजे, 3.40 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा रहा रेवेन्यू, जियो-रिटेल ने दिखाया दम
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (Q1 FY27) के नतीजे जारी कर दिए हैं। कंपनी ने इस तिमाही में मजबूत प्रदर्शन दर्ज किया है। रिलायंस का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 24.5 फीसदी बढ़कर 3,40,257 करोड़ रुपए पहुंच गया। कंपनी के सभी प्रमुख कारोबारों—जियो, रिटेल, O2C और न्यू एनर्जी—से बेहतर प्रदर्शन को इसका सहारा मिला।
रिलायंस का EBITDA और मुनाफा बढ़ा
Q1 FY27 में रिलायंस का कंसोलिडेटेड EBITDA 10.1 फीसदी बढ़कर 54,067 करोड़ रुपए रहा। इसमें जियो और O2C कारोबार का बड़ा योगदान रहा। वहीं कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट और एसोसिएट्स व जॉइंट वेंचर्स में हिस्सेदारी से जुड़ा लाभ 6.1 फीसदी बढ़कर 23,196 करोड़ रुपए हो गया। कंपनी का कुल कर्ज भी थोड़ा कम हुआ है। 30 जून 2026 तक रिलायंस का कंसोलिडेटेड नेट डेट 1,22,914 करोड़ रुपए रहा, जो मार्च 2026 में 1,24,717 करोड़ रुपए था।
Jio True5G ने पकड़ी रफ्तार, 28.5 करोड़ ग्राहक जुड़े
रिलायंस जियो ने टेलीकॉम सेक्टर में अपनी मजबूत पकड़ और बढ़ाई है। जून 2026 तक जियो के कुल ग्राहक बढ़कर 53.33 करोड़ पहुंच गए। इस तिमाही में कंपनी ने 89 लाख नए ग्राहक जोड़े। Jio True5G का ग्राहक आधार बढ़कर करीब 28.5 करोड़ हो गया है। पिछले एक साल में जियो के 5G ग्राहकों में 7.3 करोड़ की वृद्धि हुई है।
कंपनी के मुताबिक, जियो नेटवर्क पर अब 5G डेटा ट्रैफिक 4G डेटा ट्रैफिक से करीब 1.5 गुना ज्यादा हो गया है। वहीं प्रति ग्राहक औसत डेटा खपत बढ़कर 43.7GB प्रति माह पहुंच गई है। जियो प्लेटफॉर्म्स ने इस तिमाही में रिकॉर्ड EBITDA दर्ज किया, जो सालाना आधार पर 15.1 फीसदी बढ़कर 20,865 करोड़ रुपए रहा। जियो का नेट प्रॉफिट भी 9.2 फीसदी बढ़कर 7,764 करोड़ रुपए पहुंच गया।
जियो एयरफाइबर और ब्रॉडबैंड में भी बढ़त
जून 2026 तक जियो के फिक्स्ड ब्रॉडबैंड ग्राहकों की संख्या बढ़कर 2.86 करोड़ हो गई है। पिछले 12 महीनों में करीब 86 लाख नए ग्राहक जुड़े हैं। जियो का ब्रॉडबैंड मार्केट शेयर 43 फीसदी से अधिक हो गया है। वहीं जियो एयरफाइबर का ग्राहक आधार 1.40 करोड़ से ज्यादा पहुंच गया है।
रिलायंस रिटेल का प्रदर्शन भी मजबूत
रिलायंस रिटेल ने Q1 FY27 में 90,408 करोड़ रुपए का रेवेन्यू दर्ज किया, जो सालाना आधार पर 7.4 फीसदी ज्यादा है। कंपनी के स्टोर नेटवर्क की संख्या बढ़कर 20,169 स्टोर हो गई है। तिमाही के दौरान रिलायंस रिटेल में कुल 56.8 करोड़ ट्रांजैक्शन हुए, जो पिछले साल के मुकाबले 46 फीसदी ज्यादा हैं। रजिस्टर्ड ग्राहक आधार भी बढ़कर 39.6 करोड़ पहुंच गया।
JioHotstar ने बनाया रिकॉर्ड
रिलायंस के मीडिया कारोबार JioStar ने पहली तिमाही में 10,946 करोड़ रुपए का रेवेन्यू दर्ज किया। JioHotstar के मंथली एक्टिव यूजर्स (MAUs) बढ़कर रिकॉर्ड 53 करोड़ पहुंच गए। IPL 2026 की डिजिटल और टीवी प्लेटफॉर्म पर संयुक्त पहुंच 1.2 अरब दर्शकों तक पहुंची। जियोस्टार टीवी एंटरटेनमेंट में 34 फीसदी व्यूअरशिप हिस्सेदारी के साथ आगे रहा।
O2C कारोबार का शानदार प्रदर्शन
रिलायंस के ऑयल-टू-केमिकल्स (O2C) कारोबार का रेवेन्यू रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा। Q1 FY27 में O2C सेगमेंट का रेवेन्यू 30.4 फीसदी बढ़कर 2,01,806 करोड़ रुपए रहा। इस कारोबार का EBITDA भी सालाना आधार पर 17.2 फीसदी बढ़कर 17,010 करोड़ रुपए पहुंच गया।

