जापान को पीछे छोड़ भारत बना चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था, इस कारण से मिली अर्थव्यस्था को रफ्तार
Indian economy News : नए साल की शुरुआत से पहले भारत के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई। भारत अब दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। सरकार के साल के अंत में आए आर्थिक समीक्षा के मुताबिक भारत ने जापान को पीछे छोड़ दिया है। सरकार की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि भारत की जीडीपी 4.18 ट्रिलियन डॉलर हो गई है।
इससे भारत जापान से आगे निकलकर दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। अगले ढाई से 3 सालों में भारत जर्मनी को पीछे छोड़कर तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। साल 2030 तक भारत की जीडीपी 7.3 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है।
जर्मनी को पीछे छोड़ देगा
आने वाले सालों में भारत अमेरिका और चीन के बाद तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की राह पर है। यह जर्मनी को पीछे छोड़ देगा। इस बात की पक्की पुष्टि साल 2026 की पहली छमाही में अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष ( IMF) की ओर से जारी किए जाने वाले आंकड़ों से होगी।
इसमें 2025 के अंतिम आंकड़े शामिल होंगे। विशेषज्ञों के मुताबिक भारत की आर्थिक वृद्धि में घरेलू कारकों का बड़ा योगदान रहा है। मजबूत निजी उपभोग और निवेश के कारण अर्थव्यवस्था ने इस तेजी को बनाए रखा। इसमें आम लोगों की बढ़ती खर्च करने की क्षमता और बाजार में मांग के मजबूत संकेत प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं।
वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही में भारत की वास्तविक जीडीपी वृद्धि 8.2 प्रतिशत रही। यह आंकड़ा पहली तिमाही के 7.8 प्रतिशत और पिछले वित्त वर्ष की चौथी तिमाही के 7.4 प्रतिशत से अधिक है। बयान के मुताबिक यह 6 तिमाहियों में सबसे उच्च वृद्धि दर है, जो वैश्विक व्यापार में अनिश्चितताओं के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था की मजबूती को दर्शाती है। Edited by: Sudhir Sharma
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें