नए साल में भारत को बड़ी राहत, 1 जनवरी से टैरिफ फ्री होगा ऑस्ट्रेलिया जाने वाला सामान
India–Australia Economic Cooperation and Trade Agreement : ऑस्ट्रेलिया से आर्थिक सहयोग और व्यापार समझौते के तहत भारत को टैरिफ पर बड़ी राहत मिलती नजर आ रही है। ऑस्ट्रेलिया 1 जनवरी से सभी तरह के निर्यात को टैरिफ फ्री कर देगा। इससे भारतीय उत्पादों को वहां बिना ड्यूटी के प्रवेश मिलेगा।
ECTA की तीसरी वर्षगांठ पर केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी पोस्ट में लिखा कि इस कदम से भारत के लेबर इंटेंसिव सेक्टर के लिए नए अवसर खुलेंगे और निर्यात को नई रफ्तार मिलेगी।
उन्होंने बताया कि बीते तीन वर्षों में इस समझौते से निर्यात में लगातार बढ़ोतरी हुई है। इससे बाजार तक बेहतर पहुंच बनी है और सप्लाई चेन और मजबूत हुई है। इसका सीधा फायदा भारतीय निर्यातकों, एमएसएमई, किसानों और श्रमिकों को मिला है।
गोयल के अनुसार, दोनों देशों के बीच हुए व्यापार समझौते से मैन्युफैक्चरिंग, फार्मास्यूटिकल्स, केमिकल्स, टेक्सटाइल्स, प्लास्टिक्स, पेट्रोलियम उत्पादों और जेम्स एंड ज्वेलरी जैसे सेक्टर्स को खासा लाभ मिला है।
गौरतलब है कि अमेरिका ने 2025 में भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाकर बड़ा झटका दिया था। लंबे समय से कहा जा रहा है कि अमेरिका इस टैरिफ कम कर भारत को राहत दे सकता है। बहरहाल 2025 में ऐसा ना हो सका। हां ऑस्ट्रेलिया के इस कदम से भारत को बड़ी राहत जरूर मिली है।
edited by : Nrapendra Gupta