1. समाचार
  2. व्यापार
  3. समाचार
  4. air-india-indigo-cut-domestic-flights-maruti-hyundai-to-increase-car-prices-from-june-2026
Last Modified: नई दिल्ली , गुरुवार, 28 मई 2026 (13:06 IST)

इंडिगो-एयर इंडिया ने रद्द कीं सैकड़ों उड़ानें, मारुति और हुंडई की कारें भी जून से होंगी महंगी!

Domestic Flight and Car Price Hike
भारत की दो सबसे बड़ी एयरलाइनों—इंडिगो और एयर इंडिया ने जून और जुलाई के लिए अपनी नियोजित घरेलू उड़ानों में भारी कटौती की है। विमानन उद्योग इस समय ईरान युद्ध के बाद विमान ईंधन की कीमतों में आई भारी तेजी से जूझ रहा है। इधर कार कंपनियों ने अपने दाम बढ़ा दिए हैं।
 
इस अवधि के लिए इंडिगो ने अपनी नियोजित घरेलू उड़ानों में करीब 7%-10% की कटौती की है, जबकि एयर इंडिया ने 22% की कटौती की है। यह इन दोनों विमानन कंपनियों द्वारा पीछे हटने का एक बड़ा कदम है, जो मिलकर भारत के घरेलू हवाई यात्री बाजार के लगभग 90% हिस्से को नियंत्रित करती हैं।
 
दावा किया जा रहा है कि उड़ानों में की गई इस कटौती से कुछ घरेलू मार्गों पर सीटों की उपलब्धता कम हो सकती है। इससे गर्मियों में यात्रा के व्यस्त सीजन में हवाई किराए ऊंचे बने रह सकते हैं। एयरलाइंस घाटे वाली उड़ानों के संचालन से बचने की कोशिश कर रही हैं। एयरलाइनों के परिचालन खर्च में ईंधन की हिस्सेदारी 40% तक हो सकती है। इससे वे किराए बढ़ाने और घाटे वाली उड़ानों को बंद करने के लिए मजबूर हो रही हैं।
 
एयर इंडिया ने जून और अगस्त के बीच कुछ घरेलू मार्गों पर परिचालन को अस्थायी रूप से तर्कसंगत (सीमित) बनाया है। इन बदलावों से प्रभावित होने वाले यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानों में सीट, बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के यात्रा की तारीख बदलने या पूरे रिफंड का भी विकल्प दिया जाएगा।
 
एयर इंडिया ने पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र में भारतीय विमानों पर लगे प्रतिबंध और रुपए की कमजोरी की वजह से हाल ही में $2 बिलियन (लगभग 16,600 करोड़ से अधिक) का रिकॉर्ड वार्षिक घाटा दर्ज किया है।
 

इन कार कंपनियों ने भी बढ़ाए दाम

 
हुंडई मोटर इंडिया दाम बढ़ाएगी: इस बीच हुंडई मोटर इंडिया ने कारों की कीमतों में 1 जून से बढ़ोतरी करने का एलान किया है। कंपनी ने मौजूदा बाजार स्थितियों का हवाला देते हुए मई में होने वाली इस बढ़ोतरी को फिलहाल टालने के बाद यह फैसला लिया है। यह कार निर्माता कंपनी मॉडल और वेरिएंट के आधार पर कीमतों में 12,800 रुपए तक की बढ़ोतरी करेगी।
 
महंगी होगी मारुति की कार : देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी Maruti Suzuki India ने भी जून 2026 से उसके सभी वाहन मॉडल के दाम बढ़ाने का फैसला किया है। कंपनी ने कहा है कि बढ़ती इनपुट लागत और महंगाई के दबाव के चलते कारों की कीमतों में 30 हजार रुपए तक की बढ़ोतरी की जाएगी।
edited by : Nrapendra Gupta 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
ये भी पढ़ें
भारत के 5th Gen Fighter Jet AMCA प्रोजेक्ट को रफ्तार, मोदी सरकार ने निजी कंपनियों को भेजा टेंडर