1. समाचार
  2. ईरान-इजरायल युद्ध
  3. ईरान-इजरायल युद्ध न्यूज
  4. us launches fresh airstrikes on iran after irgc attack kills us soldiers jordan hormuz middle east war

अमेरिका का ईरान पर नया हमला, IRGC की गोलीबारी में 2 अमेरिकी सैनिकों की मौत के बाद बढ़ा तनाव

US Iran peace deal missed track Photo  : AI Generated
मध्य पूर्व में तनाव एक बार फिर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। शनिवार को जॉर्डन में ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की ओर से की गई गोलीबारी में दो अमेरिकी सैनिकों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। अमेरिका ने अभी तक मारे गए और घायल सैनिकों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। इस घटना के बाद अमेरिका ने रविवार को ईरान के खिलाफ ताजा हवाई हमले किए। अमेरिकी सेना ने कहा कि इन हमलों का उद्देश्य जॉर्डन में हुए हमले का "तुरंत जवाब" देना और ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड को सजा देना था।
 
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के मुताबिक, इन एयरस्ट्राइक का मुख्य उद्देश्य ईरान की उस सैन्य क्षमता को कमजोर करना था, जिसके जरिए वह होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) से गुजरने वाले तेल टैंकरों की आवाजाही को प्रभावित कर सकता है। युद्ध शुरू होने से पहले दुनिया की करीब 20% तेल आपूर्ति इसी समुद्री मार्ग से होती थी। युद्ध शुरू होने के बाद अब तक 16 अमेरिकी सैनिकों की मौत हो चुकी है, जबकि 430 से अधिक सैनिक घायल हुए हैं।
 

ईरान ने अंतरिम समझौते से पीछे हटने का किया ऐलान

ईरान के एक वार्ताकार ने कहा कि तेहरान ने अमेरिका के साथ हुए अंतरिम समझौते के तहत अपनी प्रतिबद्धताओं को फिलहाल निलंबित कर दिया है। समाचार एजेंसी AP के मुताबिक, यह कदम युद्धविराम की कोशिशों के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि संघर्ष समाप्त होने के कोई संकेत फिलहाल नहीं दिख रहे हैं।
 

दक्षिणी ईरान में कई जगहों पर हमले

ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA के अनुसार, स्थानीय समयानुसार रात करीब 1:30 बजे होर्मुज जलडमरूमध्य के पास स्थित सिरिक (Sirik) क्षेत्र को निशाना बनाया गया। इसके अलावा हाजीआबाद (Hajiabad) के पास भी हमले की खबर है, जबकि बंदर अब्बास (Bandar Abbas) में कई विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं। वहीं, क़ेश्म द्वीप (Qeshm Island) के आसपास भी हमले की सूचना सामने आई है।
 

इराक में भी ड्रोन हमला

 
पड़ोसी देश इराक में इरबिल (Irbil) के पास स्थित कुर्दिस्तान फ्रीडम पार्टी के एक सैन्य ठिकाने पर रविवार सुबह ड्रोन हमला किया गया। संगठन के सैन्य अधिकारी रेबाज शरीफी के अनुसार, इस हमले में उसके आठ सदस्य घायल हुए हैं।
 
इरबिल शहर के लोगों ने भी रविवार तड़के एयर डिफेंस सिस्टम की कार्रवाई के दौरान जोरदार धमाकों की आवाजें सुनीं। पिछले चार दिनों में इरबिल पर कई ड्रोन हमले हो चुके हैं। यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब इराक के नए प्रधानमंत्री अली अल-जैदी हाल ही में अमेरिका के दौरे पर गए थे और अमेरिका-ईरान के बीच सैन्य तनाव लगातार बढ़ रहा है।
 
हालांकि इन हमलों की जिम्मेदारी अब तक किसी संगठन ने नहीं ली है, लेकिन इससे पहले ईरान और ईरान समर्थित इराकी मिलिशिया समूह कुर्द क्षेत्र में कई हमले कर चुके हैं, जहां अमेरिकी सैनिकों के साथ ईरानी कुर्द विरोधी संगठन भी मौजूद हैं।
अगला लेख
बाबा अमरनाथ और वैष्णोदेवी यात्रा पर लगा ब्रेक, अगले आदेश तक रहेगी रोक, जानिए क्‍यों लिया यह फैसला?