1. समाचार
  2. ईरान-इजरायल युद्ध
  3. ईरान-इजरायल युद्ध न्यूज
  4. us considers using iranian assets to compensate gulf allies amid rising middle east tensions

ईरानी संपत्तियों से खाड़ी देशों को मुआवजा देने पर विचार कर रहा अमेरिका, तनाव के बीच बढ़ी हलचल

Iran US War 2026
मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका अब ईरान की विदेशों में मौजूद संपत्तियों का इस्तेमाल खाड़ी देशों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए करने पर विचार कर रहा है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस प्रस्ताव के तहत ईरानी हमलों से प्रभावित देशों को न केवल भविष्य में होने वाले नुकसान की भरपाई की जा सकती है, बल्कि पहले हुए नुकसान का भी मुआवजा दिया जा सकता है।
रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने अधिकारियों को यह आकलन करने का निर्देश दिया है कि ईरान से जुड़े हमलों के कारण खाड़ी देशों को कितना आर्थिक नुकसान हुआ है और क्या ईरानी संपत्तियों का उपयोग उसकी भरपाई के लिए किया जा सकता है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि किन-किन ईरानी परिसंपत्तियों पर विचार किया जा रहा है। माना जा रहा है कि प्रस्ताव केवल अमेरिका द्वारा फ्रीज की गई संपत्तियों तक सीमित नहीं है।

लेबनान में भी जारी है संघर्ष

 
सीजफायर के बावजूद क्षेत्र में हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। लेबनान की सेना के अनुसार, देश के दक्षिणी हिस्से में एक सैन्य वाहन पर इजरायली हमले में दो अधिकारियों समेत तीन सैनिकों की मौत हो गई। वहीं इजरायल ने कहा है कि वह इस घटना की जांच कर रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अमेरिका ईरानी संपत्तियों का इस्तेमाल मुआवजे के लिए करता है, तो इससे पहले से तनावपूर्ण अमेरिका-ईरान संबंधों में और अधिक कड़वाहट आ सकती है और पूरे मध्य पूर्व में अस्थिरता बढ़ सकती है। 
 

युद्धविराम के बीच फिर बढ़ा सैन्य तनाव

 
यह प्रस्ताव ऐसे समय सामने आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष विराम (सीजफायर) के बावजूद दोनों देशों के बीच सैन्य कार्रवाई जारी है। शनिवार तड़के अमेरिकी सेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य स्थित गोरुक और क़ेश्म द्वीप पर ईरानी तटीय रडार ठिकानों को निशाना बनाया। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के अनुसार, यह कार्रवाई समुद्री मार्गों के लिए खतरा माने गए ईरानी ड्रोन को रोकने के बाद की गई।
 
इसके जवाब में ईरान ने कुवैत और बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों की ओर मिसाइलें दागीं। कुवैती अधिकारियों के मुताबिक, सात बैलिस्टिक मिसाइलें आबादी वाले इलाकों के ऊपर से गुजरीं, जिससे कुछ भौतिक नुकसान हुआ, लेकिन किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। वहीं बहरीन में सायरन बजाकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई। ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड ने दावा किया कि हमले अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाकर किए गए, जबकि अमेरिकी सेना का कहना है कि छह मिसाइलों को बीच रास्ते में ही मार गिराया गया और एक अपने लक्ष्य तक पहुंचने में विफल रही।
 

बातचीत की कोशिशें जारी, पाकिस्तान निभा रहा मध्यस्थ की भूमिका

 
सैन्य तनाव के बावजूद कूटनीतिक प्रयास भी जारी हैं। अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए पाकिस्तान सक्रिय भूमिका निभा रहा है। पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी शनिवार को तेहरान पहुंचे, जहां वे पाकिस्तान के सैन्य और राजनीतिक नेतृत्व की ओर से ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई के लिए विशेष संदेश लेकर गए। ईरानी मीडिया के अनुसार, दोनों देशों के बीच गतिरोध खत्म करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
 
रिपोर्टों के मुताबिक, ईरान अब भी विदेशों में जमी अपनी अरबों डॉलर की संपत्तियों तक पहुंच, तेल निर्यात पर लगे प्रतिबंधों में राहत और होर्मुज जलडमरूमध्य में अपनी रणनीतिक स्थिति को लेकर आश्वासन चाहता है। इससे पहले ईरान के सर्वोच्च नेता के एक सलाहकार ने कहा था कि अमेरिका में फ्रीज किए गए लगभग 24 अरब डॉलर के ईरानी फंड की रिहाई किसी भी शांति समझौते का अहम हिस्सा होगी। Edited by : Sudhir Sharma
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
फिरोजपुर : पिक-अप और ट्रक की टक्कर में 9 लोगों की मौत, 18 घायल, PM मोदी ने जताया शोक