1. समाचार
  2. ईरान-इजरायल युद्ध
  3. ईरान-इजरायल युद्ध न्यूज
  4. trump claims us iran peace deal close hormuz strait tensions continue

ट्रंप का बड़ा दावा: ईरान-इजरायल युद्ध खत्म करने के करीब शांति समझौता, होर्मुज पर जारी तनातनी

trump mojtaba
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को दावा किया कि ईरान के साथ शांति समझौता 'लगभग तय' हो चुका है। ट्रंप ने कहा कि इजरायल और क्षेत्र के अन्य सहयोगी देशों के साथ हुई बातचीत के बाद तीन महीने से जारी युद्ध को खत्म करने की दिशा में बड़ी प्रगति हुई है। उन्होंने बताया कि समझौते की अंतिम शर्तों पर चर्चा जारी है और जल्द ही इसकी औपचारिक घोषणा की जा सकती है।

NYT की रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि ईरान अपने संवर्धित यूरेनियम को सरेंडर करेगा, समझौते में लेबनान सहित सभी मोर्चों पर संघर्ष रोकने का प्रस्ताव भी शामिल है। इसके बाद दोनों पक्षों को परमाणु मुद्दे पर अंतिम समझौते के लिए 30 दिन दिए जाएंगे, जिसे आपसी सहमति से बढ़ाया जा सकता है।
 
रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति समझौते के ड्राफ्ट में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ को खोलना, अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी हटाना, ईरान की जमी हुई अरबों डॉलर की संपत्तियों को जारी करना और ईरान के आसपास से अमेरिकी सैन्य उपस्थिति कम करना शामिल है।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका, इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान और अन्य संबंधित देशों के बीच एक समझौता लगभग तय हो चुका है, जिसे अंतिम रूप दिया जाना बाकी है।”
 
उन्होंने यह भी बताया कि इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से उनकी अलग से बातचीत हुई, जो 'बेहद सकारात्मक'  रही। ट्रंप ने कहा कि समझौते के अंतिम पहलुओं और विवरणों पर फिलहाल चर्चा चल रही है और जल्द ही इसकी घोषणा की जाएगी।” ट्रंप ने इस प्रस्तावित समझौते को 'शांति से जुड़ा समझौता ज्ञापन (MoU)' बताया, जिसे अमेरिका, ईरान और शनिवार की वार्ता में शामिल अन्य देशों की मंजूरी मिलना अभी बाकी है।
वहीं, ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा कि फिलहाल उनका मुख्य उद्देश्य 'थोपा गया युद्ध' खत्म करना है। उन्होंने बताया कि 14 बिंदुओं वाले एक समझौता ज्ञापन पर सहमति बनाने की कोशिश हो रही है। बघाई के अनुसार, बातचीत में सभी मोर्चों पर युद्ध समाप्त करने पर जोर दिया जा रहा है, जिसमें लेबनान का मोर्चा भी शामिल है। उन्होंने कहा कि प्रमुख मुद्दों में अमेरिका द्वारा समुद्री हमलों या नौसैनिक नाकेबंदी को समाप्त करना और ईरान की फ्रीज की गई संपत्तियों की रिहाई जैसे विषय शामिल हैं।
 

होर्मुज जलडमरूमध्य पर विवाद

 
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने यह भी कहा कि प्रस्तावित समझौते के तहत होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोला जाएगा। हालांकि, ईरान ने ट्रंप के इस दावे को खारिज कर दिया। तेहरान ने साफ कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य पर उसका नियंत्रण जारी रहेगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान केवल इतना मानने को तैयार हुआ है कि वहां से गुजरने वाले जहाजों की संख्या युद्ध से पहले के स्तर तक बहाल की जाएगी, लेकिन इसका मतलब 'पूरी तरह मुक्त आवाजाही'  नहीं होगा।
 

परमाणु समझौते पर अभी चर्चा नहीं

ट्रंप ने अपने 'शांति समझौते के करीब' वाले बयान में ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़ी वार्ता का जिक्र नहीं किया। वहीं, ईरान ने भी कहा है कि परमाणु कार्यक्रम पर अभी कोई चर्चा नहीं हुई है। Edited by : Sudhir Sharma 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
Cockroach janta party पर सियासी घमासान, पाकिस्तान और जॉर्ज सोरोस का समर्थन, रिजिजू के आरोपों पर क्या बोले अभिजीत दिपके