सोमवार, 20 अप्रैल 2026
  1. समाचार
  2. ईरान-इजरायल युद्ध
  3. ईरान-इजरायल युद्ध न्यूज
  4. israel lebanon strike ceasefire iran hormuz shutdown middle east crisis
Last Modified: वॉशिंगटन/तेहरान , गुरुवार, 9 अप्रैल 2026 (08:51 IST)

मिडिल ईस्ट में फिर बढ़ा तनाव, सीजफायर की शर्तों पर क्या पाकिस्तान ने किया गुमराह?

ceasefire US Iran
सीजफायर लागू होने के कुछ ही घंटों बाद इजराइल ने लेबनान पर बड़ा हमला कर दिया। इसमें 254 लोगों की मौत हो गई जबकि 1165 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। इस हमले से नाराज ईरान ने फिर स्ट्रेट ऑफ हार्मुज बंद कर दिया है। उसने इजराइल पर सीजफायर की शर्तों की उल्लंघन का आरोप लगाया जबकि अमेरिका और इजराइल का कहना है कि लेबनान ईरान के साथ सीजफायर का हिस्सा नहीं है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या पाकिस्तान ने सीजफायर की शर्तों पर दोनों पक्षों को गुमराह किया है?

सीजफायर पर क्या बोले थे शाहबाज शरीफ? 

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा, बहुत विनम्रता के साथ, मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान और यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका, अपने सहयोगियों के साथ, लेबनान और दूसरी जगहों सहित हर जगह तुरंत सीजफायर पर सहमत हो गए हैं, जो तुरंत लागू होगा। मैं इस समझदारी भरे कदम का दिल से स्वागत करता हूं और दोनों देशों के नेतृत्व के प्रति गहरा आभार व्यक्त करता हूं और उनके प्रतिनिधिमंडलों को शुक्रवार, 10 अप्रैल 2026 को इस्लामाबाद आने के लिए आमंत्रित करता हूं ताकि सभी विवादों को सुलझाने के लिए एक पक्के समझौते पर आगे बातचीत की जा सके।
 

हमले से भड़का ईरान

इजराइल के लेबनान पर हमले से नाराज ईरान ने एक बार फिर स्ट्रेट ऑफ हार्मुज बंद कर दिया है। ईरान ने 3 शर्ते तोड़ने का आरोप लगाते हुए एक बार फिर सीजफायर तोड़ने की धमकी दी है। ईरान का कहना है कि इजराइल और लेबनान की लड़ाई में वो हिजबुल्ला को अकेला नहीं छोड़ सकते। उसने लेबनान पर हमले रोकने की अपील की है।
 

इजराइली हमले से फ्रांस भी नाराज

फ्रांस के राष्ट्रपति इमेनुएल मैक्रों ने लेबनान पर इजराइली हमले का विरोध करते हुए इसे युद्ध विराम के लिए खतरा बताया। उन्होंन कहा कि लेबनान को भी सीजफायर के तहत सुरक्षा मिलनी चाहिए। 
 

क्या बोला अमेरिका?

अमेरिकी राष्‍ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि लेबनान इस समझौते में शामिल नहीं था। उन्होंने लेबनान के बाहर रखे जाने की वजह हिजबुल्ला को बताया और कहा कि हिजबुल्ला की वजह से। वे इस समझौते में शामिल नहीं थे। उसका भी हल निकल जाएगा। सब ठीक है।
 

नेतन्याहू की युद्ध शुरू करने की धमकी

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने साफ कहा कि इजराइल का 'मिशन अभी अधूरा' है और जरूरत पड़ी तो युद्ध दोबारा शुरू किया जा सकता है। नेतन्याहू ने बताया कि सीजफायर पर उनकी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सहमति थी, लेकिन अभी कुछ लक्ष्य बाकी हैं जिन्हें या तो समझौते से या फिर युद्ध के जरिए हासिल किया जाएगा। नेतन्याहू ने यह भी दावा किया कि इजराइल ने ईरान की मिसाइल उत्पादन क्षमता को काफी हद तक नष्ट कर दिया है और फिलहाल जो हमले हो रहे हैं, वे पुराने स्टॉक से किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लेबनान सीजफायर का हिस्सा नहीं है।
 
बहरहाल लेबनान को लेकर पाकिस्तान ईरान के साथ खड़ा नजर आ रहा है। वहीं अमेरिका और इजराइल का स्टैंड पूरी तरह अलग नजर आ रहा है। ऐसे में यह सवाल भी उठ रहा है कि सीजफायर कितने दिन चलेगा। 
edited by : Nrapendra Gupta 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
ये भी पढ़ें
LIVE: 3 राज्यों में मतदान का उत्साह, असम में दोपहर 1 बजे तक 59.63% वोटिंग