Hormuz Strait : ईरान का 'अस्थायी युद्धविराम' से इनकार, ट्रंप ने दी नई डेडलाइन, अमेरिका-इजराइल के हमलों में तबाह हुआ तेहरान का पूरा पावर सेंटर, देखें मारे गए नेताओं की लिस्ट
मिडिल ईस्ट में तनाव चरम पर है। एक वरिष्ठ ईरानी अधिकारी ने पुष्टि की है कि तेहरान को युद्धविराम का प्रस्ताव मिला है, लेकिन उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि ईरान 'अस्थायी युद्धविराम' के बदले स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (Hormuz Strait) को नहीं खोलेगा। सूत्रों के अनुसार ईरान और अमेरिका को युद्ध रोकने का एक प्रस्ताव मिला है जो सोमवार से प्रभावी हो सकता है।
ट्रंप ने ईरान को दी 24 घंटे की मोहलत
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के लिए अपनी स्व-घोषित समय सीमा को 24 घंटे आगे बढ़ा दिया है। ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी है कि या तो वह होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के लिए समझौते पर राजी हो जाए, अन्यथा उसे बुनियादी ढांचे (Infrastructure) पर बड़े हमलों का सामना करना पड़ेगा। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर नई डेडलाइन की घोषणा करते हुए लिखा:
"मंगलवार, रात 8:00 बजे (पूर्वी समय)!"
यूएई के खोर फक्कन बंदरगाह पर आग, 4 घायल
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के शारजाह सरकार ने बताया कि रविवार को खोर फक्कन बंदरगाह पर आग लगने से एक नेपाली और तीन पाकिस्तानी नागरिक घायल हो गए। आधिकारिक बयान के अनुसार, यह आग ईरान द्वारा दागे गए एक प्रोजेक्टाइल (मिसाइल/ड्रोन) को हवा में नष्ट किए जाने के बाद उसके मलबे के गिरने से लगी। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
लेबनान में इजरायली हमले, 15 की मौत
लेबनान के अधिकारियों के अनुसार, रविवार को इजरायली हमलों में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई और 39 अन्य घायल हुए। बेरूत के 'जनाह' इलाके में हुए हमले में 5 लोगों की जान गई, जबकि बेरूत के पूर्व में स्थित ऐन सादेह में एक अपार्टमेंट पर हुए हमले में 3 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।
मारे गए ईरान के प्रमुख राजनीतिक और सुरक्षा चेहरे
अयातुल्ला अली खामेनेई : ईरान के सर्वोच्च नेता, जिनकी हत्या 28 फरवरी को एक हमले में कर दी गई थी।
अली लारीजानी : सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव और अनुभवी राजनेता। लारीजानी 17 मार्च को परदीस क्षेत्र में हुए अमेरिकी-इजरायली हवाई हमले में अपने बेटे और एक डिप्टी के साथ मारे गए।
इस्माइल खतीब : ईरान के खुफिया मंत्री। कट्टरपंथी मौलवी और राजनेता खतीब, 18 मार्च को एक इजरायली हमले में मारे गए। उन्होंने अगस्त 2021 से नागरिक खुफिया तंत्र की कमान संभाली थी।
अली शामखानी : खामेनेई के करीबी सलाहकार और सुरक्षा एवं परमाणु नीति निर्धारण के प्रमुख स्तंभ। शामखानी 28 फरवरी को तेहरान पर हुए हमलों में मारे गए थे।
इन सैन्य कमांडरों का भी हुआ खात्मा
ईरानी सेना (IRGC) और रक्षा तंत्र को निशाना बनाते हुए किए गए हमलों में निम्नलिखित शीर्ष कमांडर मारे गए हैं:
मोहम्मद पाकपुर : IRGC के कमांडर-इन-चीफ।
अजीज नासिरजादेह : ईरान के रक्षा मंत्री।
अब्दुलरहीम मौसवी : ईरानी सशस्त्र बलों के चीफ ऑफ स्टाफ।
गुलामरेजा सुलेमानी : ईरान के बासिज अर्धसैनिक बल के कमांडर।
बेहनाम रजाई : रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) की नौसेना खुफिया शाखा के प्रमुख।
अलीरेजा तंगसीरी : रिवोल्यूशनरी गार्ड्स की नौसेना के कमांडर।
माजिद खादेमी : IRGC के खुफिया विभाग के प्रमुख।
ईरानी संसद अध्यक्ष का पलटवार- युद्ध अपराधों से कुछ हासिल नहीं होगा
ट्रंप की धमकियों पर प्रतिक्रिया देते हुए ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बागेर कलीबाफ ने इसे "लापरवाह" बयान बताया। कलीबाफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर लिखा कि आप युद्ध अपराधों के जरिए कुछ भी हासिल नहीं कर पाएंगे। एकमात्र वास्तविक समाधान ईरानी लोगों के अधिकारों का सम्मान करना और इस खतरनाक खेल को खत्म करना है। Edited by : Sudhir Sharma
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें