ईरान ने होर्मुज में भारत जा रहे 2 जहाजों को क्यों रोका, IRGC का आया बयान, क्या फिर बढ़ने वाला है तनाव
ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की नौसेना ने बुधवार को बड़ा कदम उठाते हुए स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजर रहे 2 जहाजों को जब्त करने का दावा किया है। शिपिंग डेटा के अनुसार, इनमें से एक लाइबेरिया ध्वज वाला कंटेनर जहाज EPAMINONDAS भारत के गुजरात की ओर जा रहा था जबकि दूसरा पनामा ध्वज वाला जहाज MSC-FRANCESCA श्रीलंका के हम्बनटोटा बंदरगाह की ओर बढ़ रहा था।
IRGC के बयान के अनुसार दोनों जहाजों ने आवश्यक अनुमति के बिना संचालन किया और नेविगेशन सिस्टम से छेड़छाड़ की, जिससे समुद्री सुरक्षा को खतरा पैदा हुआ। इसी कारण उन्हें जब्त कर ईरानी तट की ओर निर्देशित किया गया। IRGC ने स्पष्ट किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य में कानून और सुरक्षा व्यवस्था से समझौता करना 'रेड लाइन' है। नौसेना ने कहा कि इस रणनीतिक मार्ग में किसी भी तरह की गड़बड़ी या नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
भारत आने वाले जहाज की जानकारी
MarineTraffic के अनुसार, EPAMINONDAS नाम का यह जहाज दुबई के जेबेल अली बंदरगाह से गुजरात के मुंद्रा पोर्ट की ओर जा रहा था। जहाज की लंबाई करीब 299.9 मीटर और चौड़ाई 42.8 मीटर बताई गई है। यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब क्षेत्र में तनाव चरम पर है। डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में ईरान के साथ युद्धविराम की अवधि बढ़ाने का ऐलान किया है, लेकिन अमेरिका द्वारा ईरानी बंदरगाहों की नौसैनिक नाकेबंदी जारी है।
ईरान ने इस नाकेबंदी को “हमले के समान” बताते हुए कड़ा विरोध जताया है, जिसके चलते होर्मुज जलडमरूमध्य में सैन्य गतिविधियां और सतर्कता बढ़ गई है। IRGC ने दोहराया है कि इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग पर उसकी 'स्मार्ट निगरानी' बनी हुई है और किसी भी उल्लंघन पर कानूनी और निर्णायक कार्रवाई की जाएगी। Edited by: Sudhir Sharma
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें