रविवार, 12 अप्रैल 2026
  1. खेल-संसार
  2. आईपीएल 2026
  3. आईपीएल 2026 न्यूज़
  4. Vaibhav Sooryavanshi smashes two maximum of Veteran Jasprit Bumrah
Written By WD Sports Desk
Last Modified: बुधवार, 8 अप्रैल 2026 (15:34 IST)

जसप्रीत बुमराह पर 3 गेंदों में 2 छक्के मारने वाले वैभव के मुरीद हुए जायसवाल और हार्दिक (Video)

IPl 2026
वैभव सूर्यवंशी ने पहले ओवर में जिस सहजता से जसप्रीत बुमराह का सामना किया उससे राजस्थान रॉयल्स के उनके साथी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल भी हैरान थे और उन्होंने कहा कि इससे उन पर दबाव कम हो गया था।

राजस्थान रॉयल्स ने बारिश से प्रभावित इस मैच में मुंबई इंडियंस को 27 रन से हराया जिसमें जायसवाल और 15 वर्षीय सूर्यवंशी ने शानदार शुरुआत करके जीत की नींव रखी थी। मैच से पहले चर्चा का विषय दिग्गज तेज गेंदबाज बुमराह और युवा सनसनी सूर्यवंशी के बीच मुकाबला था क्योंकि वह पहली बार आमने-सामने थे।

सूर्यवंशी ने उम्मीदों पर खरा उतरते हुए बुमराह की 131 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गई गेंद पर मिड-ऑन के ऊपर से छक्का लगा दिया।इसके बाद इस ही ओवर की तीसरी गेंद को भी सूर्यवंशी ने छक्के में तब्दील कर दिया।
IPL 2026 शुरू होने से एक दिन पहले 15 साल के हुए सूर्यवंशी ने अपने पहले ओवर में ही बुमराह पर दो छक्के लगाए और आउट होने से पहले 14 गेंदों में 39 रन बनाए।बिहार के बाएं हाथ के बल्लेबाज सूर्यवंशी को 2025 आईपीएल की मेगा नीलामी में राजस्थान रॉयल्स ने 1.1 करोड़ रुपये में खरीदा था। उन्होंने पिछले सत्र में गुजरात टाइटन्स के खिलाफ 35 गेंदों में शतक बनाकर टी20 क्रिकेट में सबसे कम उम्र में और आईपीएल इतिहास में दूसरे सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड बनाया था।

जायसवाल ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘उसने पहली गेंद पर ही छक्का जड़ा और मैंने उससे कहा कि वह अपने शॉट्स खेलता रहे।’’जायसवाल ने कहा, ‘‘बुमराह भाई दिग्गज गेंदबाजों में से एक हैं। अगर वह उनके खिलाफ रन बना रहा है तो यह कमाल की बात है। इससे हमारा यह विश्वास बढ़ा कि हम अन्य गेंदबाजों का भी अच्छी तरह से सामना कर सकते हैं।’’
अपनी पारी में 10 चौके और चार छक्के लगाने वाले जायसवाल ने कहा, ‘‘इसलिए उसका अपने शॉट खेलना काफी अच्छा रहा। इससे मुझ पर से दबाव कम हो गया और मैं अन्य गेंदबाजों का सामना अच्छी तरह से कर पाया। यह एक अच्छी साझेदारी थी और हमने इसका भरपूर आनंद लिया।’’

ना केवल जायसवाल बल्कि मुंबई इंडियन्स के कप्तान हार्दिक पांड्या ने भी वैभव सूर्यवंशी की पीठ थपथपाई। उन्होंने यह माना कि "इतनी कम उम्र का होने के बावजूद भी उनको आउट करने पर ड्रेसिंग रूम में काफी देर चर्चा होती है। उनको देखना काफी आकर्षक है और उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं।"
ये भी पढ़ें
शुभमन गिल हुए फिट, जोड़ीदार साई सुदर्शन के संग करेंगे सलामी बल्लेबाजी