IPL 2026: हैदराबाद ने कोलकाता को ईडन गार्डन पर 65 रनों से रौंदा
SRHvsKKR हेनरिक क्लासेन (52) के अर्धशतक और अभिषेक शर्मा (48), ट्रेविस हेड (46) तथा नीतीश कुमार रेड्डी (39) की शानदार पारियों के बाद गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद ने गुरूवार को आईपीएल के छठे मुकाबले में कोलकाता नाईट राइडर्स को 65 रनों से शिकस्त दी।
227 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता नाईट राइडर्स के बल्लेबाज सनराइर्ज हैदराबाद के गेंदबाजी आक्रमण का सामना नहीं कर सके और उनकी पूरी टीम 16 ओवर में 161 के स्कोर पर ढ़ेर हो गई। सनराइजर्स ने यह मुकाबला 65 रनों से जीत लिया। कोलकाता के लिए कप्तान अजिंक्य रहाणे और फिन ऐलन की जोड़ी ने तेज शुरुआत की। लेकिन दूसरे ही ओवर में हर्ष दुबे ने फिन ऐलन सात गेंदों में (28) रन को अपनी ही गेंद पर कैच आउट कर पवेलियन भेज दिया।
उन्होंने अपनी पारी में चार चौके और दो छक्के लगाये। इसके बाद पांचवें ओवर में जयदेव उनादकट ने अजिंक्य रहाणे (आठ) को आउटकर सनराइजर्स हैदराबाद को दूसरी सफलता दिलाई। अंगकृष रघुवंशी और रिंकू सिंह ने पारी को संभालने का प्रयास किया और तेजी के साथ रन भी बटोरे, लेकिन 11वें ओवर में अंगकृष रघुवंशी के रनआउट होने के बाद केकेआर की पारी बिखरती चली गई।
अंगकृष रघुवंशी ने 29 गेंदों में छह चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 52 रनों की पारी खेली। रमनदीप सिंह (10) , सुनील नारायण (12) और रिंकू सिंह 25 गेंदों में (35) रन बनाकर आउट हुये। केकेआर के छह बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके।सनराइजर्स हैदराबाद के लिए जयदेव उनादकट ने तीन विकेट लिये। नीतीश कुमार रेड्डी, इशान मलिंगा को दो-दो विकेट मिले। हर्ष दुबे ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
लेखक के बारे में
WD Sports Desk
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम खेलों की दुनिया से जुड़ी हर खबर को विस्तार से पेश करती है। क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी या अन्य खेलों पर आधारित लेख और न्यूज़ से लेकर महत्वपूर्ण मैचों की अपडेट्स और खेल जगत की खास घटनाएं, यह टीम पाठकों को पूरी जानकारी प्रदान करती है। स्पोर्ट्स टीम....
और पढ़ें