1. खेल-संसार
  2. आईपीएल 2026
  3. आईपीएल 2026 न्यूज़
  4. Sanju Samson smashes first century of IPL season 2026
Last Updated : शनिवार, 11 अप्रैल 2026 (22:11 IST)

संजू सैमसन के शानदार शतक की बदौलत चेन्नई पहुंची दिल्ली के खिलाफ 210 पार

Sanju Samson
संजू सैमसन ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के मौजूदा सत्र में अपनी निराशाजनक शुरुआत को पीछे छोड़ते हुए शनिवार को यहां शानदार नाबाद शतकीय पारी खेली, जिससे चेन्नई सुपरकिंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर दो विकेट पर 212 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया।

सैमसन ने 56 गेंदों की नाबाद पारी में 15 चौकों और चार छक्कों की मदद से 115 रन बनाए। उन्हें दूसरे छोर से आयुष महात्रे का अच्छा साथ मिला, जिन्होंने रिटायर आउट होने से पहले 36 गेंदों में तीन चौकों और चार छक्कों की मदद से 59 रन बनाए।सैमसन के आईपीएल करियर का यह चौथा शतक और सुपरकिंग्स के लिए पहला शतक है।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सुपरकिंग्स के लिए सैमसन ने आयुष महात्रे के साथ दूसरे विकेट के लिए 113 रनों की शानदार साझेदारी की। सैमसन की आक्रामक बल्लेबाजी के विपरीत कप्तान रुतुराज गायकवाड़ अपेक्षित तेजी नहीं दिखा सके और पहले विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी में उनका योगदान 18 गेंदों में 15 रन का ही रहा।सैमसन ने पारी के दौरान कई आकर्षक शॉट लगाए, जिसमें कुलदीप यादव की गेंद पर एक्स्ट्रा कवर के ऊपर जड़ा गया छक्का खास रहा। उन्हें 55 रन पर जीवनदान भी मिला, जब अक्षर पटेल की गेंद पर पथुम निसंका ने उनका आसान कैच टपका दिया।

महात्रे ने भी दूसरे छोर से प्रभावशाली बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक जड़ा और चेन्नई की पारी को मजबूती प्रदान की, जिससे टीम बड़े स्कोर तक पहुंचने में सफल रही।सैमसन ने 26 गेंदों में अपना अर्धशतक, जबकि 52 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। वहीं महात्रे ने 27 गेंदों में अपना पचासा पूरा किया।

सुपरकिंग्स के प्रबंधन ने हालांकि रनगति को और तेज करने के लिए महात्रे को रिटायर्ड आउट करने का फैसला किया और उनकी जगह क्रीज पर आए शिवम दुबे ने 10 गेंदों में दो चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 20 रन बनाए।कैपिटल्स के लिए एकमात्र सफलता अक्षर पटेल को मिली। 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम खेलों की दुनिया से जुड़ी हर खबर को विस्तार से पेश करती है। क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी या अन्य खेलों पर आधारित लेख और न्यूज़ से लेकर महत्वपूर्ण मैचों की अपडेट्स और खेल जगत की खास घटनाएं, यह टीम पाठकों को पूरी जानकारी प्रदान करती है। स्पोर्ट्स टीम.... और पढ़ें
ये भी पढ़ें
IPL 2026: चेन्नई को मिली पहली जीत, दिल्ली को 23 रनों से हराया