1. खेल-संसार
  2. आईपीएल 2026
  3. आईपीएल 2026 न्यूज़
  4. Sachin Tendulkar shares the tip for a balance between bat & ball in IPL
Last Updated : सोमवार, 1 जून 2026 (16:53 IST)

बल्ला है गेंद पर भारी, सचिन ने IPL में संतुलित खेल के लिए दिए यह सुझाव

sachin tendulkar
इंडियन प्रीमियर लीग में जान फूंकने के लिए दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने कुछ महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं। सचिन तेंदुलकर ने इंडियन प्रीमियर लीग IPL में बल्ले और गेंद के बीच संतुलन बनाने के लिए विवादास्पद इम्पैक्ट प्लेयर नियम को खत्म करने की वकालत की और साथ ही कुछ अन्य बदलाव करने के लिए भी सुझाव दिए।

आईपीएल में इंपैक्ट प्लेयर का नियम 2023 में लागू किया गया था। इसके तहत टीम अंतिम एकादश में शामिल किसी खिलाड़ी को पहले से घोषित किए गए पांच संभावित खिलाड़ियों में से किसी एक से बदल सकती हैं।

तेंदुलकर ने एक अग्रणी क्रिकेट वेबसाइट द्वारा आयोजित पुरस्कार समारोह में कहा, ‘‘मेरी निजी राय है कि कुछ ऐसी बातें हैं जिनसे मुझे लगता है कि ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ का नियम खत्म कर देना चाहिए।’’उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि टी20 प्रारूप में आपको केवल 20 ओवर खेलने होते हैं। फिर आप उस लाइन-अप में एक और बल्लेबाज जोड़ देते हैं। जहां गेंदबाजों को पहले से ही चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, वहां मुझे असंतुलन नजर आता है।’’

IPL में पिछले कुछ सत्र में खेल का पलड़ा काफी हद तक बल्लेबाजों की पक्ष में झुक गया है और तेंदुलकर का मानना ​​है कि इस नियम ने बल्ले और गेंद के बीच पहले से ही मौजूद असमानता को और भी बिगाड़ दिया है।इस नियम की आलोचना कई प्रमुख खिलाड़ियों ने भी की है, जिनमें भारतीय कप्तान शुभमन गिल और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा भी शामिल हैं। उनका तर्क है कि यह नियम खेल से कौशल को खत्म कर देता है और ऑलराउंडर के महत्व को कम करता है।

तेंदुलकर ने मौजूदा बल्लेबाजी पावरप्ले के साथ-साथ गेंदबाजी पावरप्ले को भी शुरू करने की वकालत की।उन्होंने कहा, ‘‘पहले छह ओवर में पावरप्ले लागू रहता है जिसमें केवल दो फील्डर ही 30 गज के दायरे से बाहर रहते हैं। मेरा मानना है कि पहले चार ओवर बल्लेबाजों के पावरप्ले हों और उनमें भी यही फील्डिंग प्रतिबंध लागू हों।’’

तेंदुलकर ने कहा, ‘‘इसके बाद पावरप्ले के शेष दो ओवर फील्डिंग कप्तान अपनी इच्छानुसार ले सकते हैं। इन लगातार दो ओवरों में खेल के किसी भी चरण में रिंग के बाहर एक अतिरिक्त फील्डर तैनात किया जा सकता है।’’

एक गेंदबाज करे 5 ओवर

इस महान बल्लेबाज ने प्रत्येक टीम में एक गेंदबाज के गेंदबाजी कोटा को चार ओवर से बढ़ाकर पांच करने का भी प्रस्ताव रखा।उन्होंने कहा, ‘‘एक गेंदबाज को पांच ओवर फेंकने की अनुमति दी जानी चाहिए, क्योंकि आमतौर पर टीम का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज ही पांचवां ओवर फेंकेगा।’’तेंदुलकर ने सवालिया अंदाज में कहा, ‘‘क्या आप नहीं चाहेंगे कि सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज और अधिक गेंदबाजी करे। शीर्ष बल्लेबाज कभी-कभी 20 ओवर तक बल्लेबाजी करते हैं। तो फिर सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज को पांच ओवर गेंदबाजी क्यों नहीं करनी चाहिए।’’
लेखक के बारे में
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम खेलों की दुनिया से जुड़ी हर खबर को विस्तार से पेश करती है। क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी या अन्य खेलों पर आधारित लेख और न्यूज़ से लेकर महत्वपूर्ण मैचों की अपडेट्स और खेल जगत की खास घटनाएं, यह टीम पाठकों को पूरी जानकारी प्रदान करती है। स्पोर्ट्स टीम.... और पढ़ें
ये भी पढ़ें
रजत पाटीदार : एक वक्त किसी टीम ने न खरीदा, आज धोनी -रोहित के साथ बराबरी पर है इंदौर का लड़का