1. खेल-संसार
  2. आईपीएल 2026
  3. आईपीएल 2026 न्यूज़
  4. Rajasthan Royals books final berth of playoffs after crushing Mumbai

राजस्थान ने मुंबई को 30 रनों से हराकर पाया प्लेऑफ का आखिरी स्थान

IPL
MIvsRR राजस्थान रॉयल्स ने वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियन्स को 30 रनों से हराकर प्लेऑफ का चौथा स्थान पा लिया है। राजस्थआन अब 27 मई को एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद से भिड़ेगी। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान लड़खड़ाते रहे लेकिन फिर भी 20 ओवर में 205 रन बना गए। लेकिन मुंबई की बल्लेबाजी अपने ही मैदान पर फिसड्डी रही और टीम सिर्फ 175 रन ही बना सकी। 

राजस्थान की पारी में सर्वाधिक रन विकेटकीपर ध्रुव जुरेल  (38 रन) ने बनाए। वहीं मुंबई की ओर से दीपक चाहर और शार्दुल ठाकुर ने 2-2 विकेट लिए। वहीं मुंबई की ओर से सूर्यकुमार यादव ही अर्धशतक तक पहुंच सके। उन्होंने 62 रनों की पारी खेली। जोफ्रा आर्चर ने सर्वाधिक 3 विकेट चटकाए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई ने 38 रन तक चार विकेट गंवा दिए। आर्चर ने पहले ओवर में रोहित शर्मा को खाता खोले बिना विकेट के पीछे कैच कराने के बाद दूसरे ओवर में नमन धीर (छह) को बोल्ड किया।बर्गर ने आक्रामक दिख रहे रेयान रिकेलटन (12) को सूर्यवंशी के हाथों कैच कराकर मुंबई को तीसरा झटका दिया। सूर्यकुमार यादव ने इस ओवर में हालांकि छक्का और चौका लगाकर आत्मविश्वास हासिल किया।

छठे ओवर में गेंदबाजी के लिए आए बृजेश शर्मा ने अपनी पहली ही गेंद पर तिलक वर्मा (तीन) का विकेट उखाड़ दिया। पावरप्ले के बाद टीम का स्कोर चार विकेट पर 49 रन था।सूर्यकुमार ने जडेजा के लगातार ओवरों में छक्का जड़ा, तो वहीं दूसरे छोर से जैक्स ने यश राज पुंजा की गेंद को दर्शकदीर्घा में पहुंचाया। इस बीच सूर्यकुमार को यश राज की गेंद पर बृजेश ने कैच टपकाकर जीवनदान दिया। वह उस समय 27 रन पर खेल रहे थे।

जैक्स ने इस गेंदबाज के खिलाफ 12वें ओवर में छक्के से टीम के रनों का शतक पूरा किया। वह इसी ओवर में आउट हो गए। कप्तान हार्दिक पंड्या ने क्रीज पर आते ही दो छक्के जड़े।पंड्या ने आक्रामक तेवर जारी रखते हुए शनाका के खिलाफ लगातार गेंदों पर चौके जड़कर रॉयल्स के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया।

सूर्यकुमार ने बर्गर के खिलाफ एक रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया और फिर 15वें ओवर में बृजेश का स्वागत चौके से किया।पराग ने 16वें ओवर में गेंद आर्चर को थमाई और इस गेंदबाज ने पंड्या की 15 गेंद में 34 रन की पारी समाप्त कर टीम को बड़ी सफलता दिला दी।

यश राज ने अगले ओवर में बॉश (दो) को चलता करने के साथ ओवर से सिर्फ पांच रन खर्च कर मुंबई पर दबाव बना दिया।बर्गर ने अगले ओवर में अपनी ही गेंद पर सूर्यकुमार का कैच लपककर टीम का प्लेऑफ में पहुंचना तय कर दिया।

लेखक के बारे में
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम खेलों की दुनिया से जुड़ी हर खबर को विस्तार से पेश करती है। क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी या अन्य खेलों पर आधारित लेख और न्यूज़ से लेकर महत्वपूर्ण मैचों की अपडेट्स और खेल जगत की खास घटनाएं, यह टीम पाठकों को पूरी जानकारी प्रदान करती है। स्पोर्ट्स टीम.... और पढ़ें
अगला लेख
सैफ महिला चैंपियनशिप 2026 का अभियान शुरु करेगी भारतीय महिला टीम, पहला मैच मालदीव से