1. खेल-संसार
  2. आईपीएल 2026
  3. आईपीएल 2026 न्यूज़
  4. Praful Hinge and Shakib Hussain halts Rajasthans winning streak
Last Modified: सोमवार, 13 अप्रैल 2026 (23:53 IST)

IPL 2026 में प्रफुल और हुसैन ने रोका राजस्थान का विजयी रथ

IPL 2026
RRvsSRH कप्तान ईशान किशन की 44 गेंदों में 91 रन की पारी के बाद पदार्पण कर रहे प्रफुल्ल हिंगे (34 रन पर चार विकेट) और शाकिब हुसैन (24 रन पर चार विकेट) की शानदार गेंदबाजी से सनराइजर्स हैदराबाद ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टी20 मैच में सोमवार को यहां राजस्थान रॉयल्स को 57 रन से शिकस्त दी।

हिंगे ने पहले ओवर में ही तीन विकेट चटकाकर आईपीएल का नया रिकॉर्ड कायम किया। उन्होंने वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल और लुहान-ड्रे प्रिटोरियस को खाता खोले बिना आउट कर अपने पदार्पण को यादगार बनाया।

सनराइजर्स ने किशन की आतिशी पारी के बाद आखिरी ओवरों में नीतीश कुमार रेड्डी और सलिल अरोड़ा की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से छह विकेट पर 216 रन बनाए, जिसके जवाब में राजस्थान रॉयल्स को 19 ओवर में 159 रन पर आउट कर दिया।

रॉयल्स की यह पांच मैचों में पहली हार है, जबकि सनराइजर्स की इतने ही मैचों में यह दूसरी जीत है।हिंगे को पदार्पण कर रहे एक अन्य गेंदबाज शाकिब का अच्छा साथ मिला, जिन्होंने यशस्वी जायसवाल (एक) और डोनोवन फरेरा (44 गेंदों में 69 रन) के अहम विकेट चटकाए। ईशान मलिंगा ने 31 रन पर दो विकेट लिये।
महज नौ रन पर पांच विकेट गिरने के बाद फरेरा और रविंद्र जडेजा (32 गेंदों में 45 रन) ने छठे विकेट के लिए 72 गेंदों में 118 रन की साझेदारी कर रॉयल्स को मुकाबले में बनाए रखा, लेकिन इस साझेदारी के टूटने के साथ ही टीम की उम्मीदें खत्म हो गईं।

लक्ष्य का बचाव करते हुए हिंगे ने पारी की दूसरी गेंद पर ही वैभव सूर्यवंशी को विकेटकीपर अरोड़ा के हाथों कैच कराया। इसके बाद उन्होंने जुरेल को बोल्ड किया और लुहान-ड्रे प्रिटोरियस को रेड्डी के हाथों कैच कराकर तीन विकेट पूरे किए। ये तीनों बल्लेबाज बिना खाता खोले पवेलियन लौटे, जिससे रॉयल्स ने एक रन पर तीन विकेट गंवा दिए।

शाकिब ने दूसरे ओवर में जायसवाल को आउट कर स्कोर दो रन पर चार विकेट कर दिया।कप्तान रियान पराग ने हिंगे के खिलाफ पारी का पहला चौका जड़ा, लेकिन तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर स्लिप में अभिषेक शर्मा को कैच दे बैठे, जिससे तीन ओवर में नौ रन पर रॉयल्स की आधी टीम पवेलियन लौट गई।

अनुभवी रविंद्र जडेजा और डोनोवन फरेरा ने इसके बाद संभलकर बल्लेबाजी करते हुए नियमित अंतराल पर बाउंड्री लगाईं। फरेरा इस दौरान ज्यादा आक्रामक रहे।जडेजा ने चौथे ओवर में शाकिब के खिलाफ दो चौके जड़े, वहीं फरेरा ने हिंगे के खिलाफ पारी का पहला छक्का लगाया। पावरप्ले में टीम का स्कोर पांच विकेट पर 40 रन था।

फरेरा ने आक्रामक तेवर जारी रखते हुए शिवांग कुमार के खिलाफ सातवें ओवर में लगातार गेंदों पर दो चौके जड़े और 11वें ओवर में अपनी पारी का दूसरा छक्का लगाया।उन्होंने अगले ओवर में हर्ष दुबे की लगातार गेंदों पर दो चौके और एक छक्का जड़ते हुए 31 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।

जडेजा ने 13वें ओवर में चौका लगाकर टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचाया, जबकि उसी ओवर में फरेरा के एक रन के साथ इस जोड़ी ने 65 गेंदों में शतकीय साझेदारी पूरी की।शाकिब ने 15वें ओवर में फरेरा को बोल्ड कर इस शानदार साझेदारी को तोड़ा, जबकि मलिंगा ने जडेजा को अरोड़ा के हाथों कैच कराकर रॉयल्स की जीत की उम्मीदों को समाप्त कर दिया।

शाकिब ने इसके बाद 17वें ओवर में लगातार गेंदों पर जोफ्रा आर्चर और रवि बिश्नोई को आउट कर पदार्पण को यादगार बनाया।तुषार देशपांडे ने तीन छक्कों की मदद से 11 गेंदों में 25 रन बनाए, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम खेलों की दुनिया से जुड़ी हर खबर को विस्तार से पेश करती है। क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी या अन्य खेलों पर आधारित लेख और न्यूज़ से लेकर महत्वपूर्ण मैचों की अपडेट्स और खेल जगत की खास घटनाएं, यह टीम पाठकों को पूरी जानकारी प्रदान करती है। स्पोर्ट्स टीम.... और पढ़ें
ये भी पढ़ें
जीत की अस्पृश्यता को दूर करने के लिए कोलकाता भिड़ेगी चेन्नई से चेपॉक में