रविवार, 12 अप्रैल 2026
  1. खेल-संसार
  2. आईपीएल 2026
  3. आईपीएल 2026 न्यूज़
  4. Gujarat looks to taste first blood by halting winning streak of Delhi
Written By WD Sports Desk
Last Updated : बुधवार, 8 अप्रैल 2026 (11:28 IST)

दिल्ली कैपिटल्स की हैट्रिक रोककर पहली जीत की तलाश में गुजरात

IPL
IPL 2026 के बुधवार के मुक़ाबले में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) का सामना गुजरात टाइटंस (जीटी) से दिल्ली में होगा। जहां डीसी को अपने शुरुआती दो मैचों में जीत मिली है, वहीं जीटी को अभी भी अपनी पहली जीत का इंतज़ार है। दोनों टीमों के बीच अब तक हुए सात मैचों में जीटी 4-3 से आगे है। पिछले आईपीएल के दो मैचों में जीटी को दोनों में जीत मिली है, वहीं दिल्ली में भी दोनों टीमों के बीच खेले गए तीन मैचों में जीटी 2-1 से आगे है।

राहुल को रहना होगा रबाडा और प्रसिद्ध से सावधान

केएल राहुल के लिए आईपीएल 2026 की शुरुआत कुछ ख़ास नहीं रही है और दो मैचों में उनका स्कोर 0 और 1 का है। राहुल का यह ख़राब फ़ॉर्म जीटी के ख़िलाफ़ मैच में भी जारी रह सकता है क्योंकि जीटी के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा और कगिसो रबाडा उन्हें परेशान करते हैं। प्रसिद्ध अपने राज्य के साथी को सात पारियों में तीन जबकि रबाडा भी उन्हें 12 पारियों में तीन बार आउट कर चुके हैं। राशिद ख़ान ने भी राहुल को तीन बार आउट किया है, जिसका मतलब है कि अगर राहुल टिक भी जाते हैं तो भी पावरप्ले के बाद उन्हें परेशान करने वाला कोई है।

एनगिडी कर सकते हैं जीटी के शीर्ष क्रम को परेशान

भारत में हुए टी20 विश्व कप से ही लुंगी एनगिडी शानदार फ़ॉर्म में हैं और अपनी स्लोअर गेंदों से बल्लेबाज़ों को परेशान करने की कला को उन्होंने आईपीएल 2026 में भी जारी रखा है। एनगिडी जीटी के ख़िलाफ़ भी अपनी स्लोअर गेंदों का जादू दिखा सकते हैं। जीटी के कप्तान और सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल को उन्होंने चार पारियों में दो बार आउट किया है, जबकि गिल उन पर सिर्फ़ 88 के स्ट्राइक रेट से सात रन ही बना पाए हैं। बटलर को भी एनगिडी ने तीन बार आउट किया है, हालांकि बटलर उन पर 161 के स्ट्राइक रेट से रन बनाते हैं।

बटलर को अक्षर पटेल और कुलदीप यादव की अनुभवी स्पिन जोड़ी भी परेशान करती है और दोनों उन्हें दो-दो बार आउट कर चुके हैं। बटलर दोनों स्पिनरों पर सिर्फ़ 132 के स्ट्राइक रेट से रन बना पाते हैं।

मिलर का तोड़ राशिद के पास है

डेविड मिलर को डीसी ने इस बार फ़िनिशर के तौर पर अपनी टीम में शामिल किया है, लेकिन राशिद उनको अंतिम ओवरों में परेशान करने की कुव्वत रखते हैं। जीटी के अपने पूर्व साथी को राशिद ने चार बार आईपीएल में आउट किया है, जबकि मिलर, राशिद पर सिर्फ़ 119 के स्ट्राइक रेट से रन बना पाते हैं। सिराज और रबाडा ने भी मिलर को दो-दो बार आउट किया है और इन दोनों के ख़िलाफ़ भी मिलर का स्ट्राइक रेट सिर्फ़ 100 और 119 का है।

फ़िलिप्स कैसे करेंगे डीसी के स्पिनरों का सामना

मिलर की तरह ग्लेन फ़िलिप्स को जीटी ने अपनी टीम में फ़िनिशर के तौर पर शामिल किया है, लेकिन उन्हें स्पिन खेलने की कला सीखना होगा। टी20 विश्व कप से लेकर अब तक भारत में खेली गई अपनी छह टी20 पारियों में फ़िलिप्स चार बार स्पिनरों के ख़िलाफ़ आउट हुए हैं। कुलदीप और अक्षर दोनों, फ़िलिप्स को पांच पारियों में चार-चार बार आउट कर चुके हैं, जो कि लगभग एक परफ़ेक्ट रिकॉर्ड है।
glenn phillips
टीम इस प्रकार हैं:

दिल्ली कैपिटल्स: अक्षर पटेल (कप्तान), अभिषेक पोरेल, करुण नायर, केएल राहुल, नितीश राणा, समीर रिजवी, ट्रिस्टन स्टब्स, आशुतोष शर्मा, माधव तिवारी, दुष्मंथा चमीरा, कुलदीप यादव, मुकेश कुमार, विपराज निगम, मिचेल स्टार्क, त्रिपुराना विजय, डेविड मिलर, बेन डकेट, औकिब नबी डार, पथुम निसांका, लुंगी एनगिडी, पृथ्वी साव, काइल जैमीसन, टी नटराजन, अजय जादव मंडल, साहिल पारख।

गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), अनुज रावत, जोस बटलर, कुमार कुशाग्र, शाहरुख खान, ग्लेन फिलिप्स, राशिद खान, मानव सुथार, निशांत सिंधु, राहुल तेवतिया, वॉशिंगटन सुंदर, गुरनूर बराड़, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, कैगिसो रबाडा, रविश्रीनिवासन साई किशोर, जयंत यादव, ईशांत शर्मा, अशोक शर्मा, जेसन होल्डर, टॉम बैंटन, पृथ्वी राज येरा, ल्यूक वुड, साई सुदर्शन, अरशद खान।

मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होगा।
ये भी पढ़ें
चीन के विश्व नंबर 7 के खिलाड़ी को सीधे सेटों में हराकर इस युवा भारतीय ने किया उलटफेर