कैमरन ग्रीन गेंदबाजी नहीं कर सकते, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया कोलकाता नाईट राईडर्स पर भड़का
ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने कहा कि कैमरन ग्रीन से IPL फ्रैंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स और ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट में काफी उम्मीदें हैं लेकिन इस हरफनमौला में वह काबिलियत है जिससे वे इन उम्मीदों को संतुलित करते हुए अपने कैरियर को लगातार ऊंचाइयों की ओर ले जा सकते हैं।
मुंबई इंडियंस के खिलाफ आईपीएल के पहले मैच में चोटिल ग्रीन के गेंदबाजी नहीं करने को लेकर पूछे गए सवाल पर कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे की टिप्पणी से विवाद पैदा हो गया था। बाद में क्रिकेट आस्ट्रेलिया ने कहा कि केकेआर टीम प्रबंधन को उनकी चोट के बारे में पूरी तरह से पता था और वह 10-12 दिन और गेंदबाजी नहीं कर सकेंगे।
मैकडोनाल्ड ने सेन रेडियो से कहा , आईपीएल में काफी अपेक्षायें हैं। ऑस्ट्रेलियाई टीम में भी उनसे काफी अपेक्षायें हैं। यह अनुचित नहीं है क्योंकि हरफनमौलाओं से हमेशा अपेक्षा रहती है।मैकडोनाल्ड ने कहा , हमें पता है कि वह बेहतरीन खिलाड़ी है। उसे सभी अपेक्षाओं के बीच संतुलन बनाना होगा , खासकर तीनों प्रारूप में खेलने को लेकर। यह किसी भी क्रिकेटर के लिये चुनौतीपूर्ण है।
गौरतलब है कि ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन आईपीएल मिनी नीलामी में 25.2 करोड़ में कोलकाता नाईट राइडर्स द्वारा खरीदे गए थे। वह किसी भी आईपीएल नीलामी में बिकने वाले सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी हैं। इससे पहले मिचेल स्टार्क को 24 करोड़ में साल 2024 की मेगा नीलामी में कोलकाता नाईट राइडर्स ने खरीदा था।
आईपीएल में ग्रीन ने प्रभावित किया है। उन्होंने 29 मैच में 704 रन बनाने के अलावा 16 विकेट भी चटकाए हैं। वह ऑस्ट्रेलिया के लिए सभी प्रारूपों में नियमित रूप से खेलते हैं और ऐसे में नीलामी में उनका आकर्षण का केंद्र होना लगभग तय था। लेकिन अजिंक्य रहाणे ने जब कैमरन ग्रीन से गेंदबाजी नहीं करवाई और जवाब में कहा कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से पूछिए तो यह विवाद का मामला बन गया।
लेखक के बारे में
WD Sports Desk
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम खेलों की दुनिया से जुड़ी हर खबर को विस्तार से पेश करती है। क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी या अन्य खेलों पर आधारित लेख और न्यूज़ से लेकर महत्वपूर्ण मैचों की अपडेट्स और खेल जगत की खास घटनाएं, यह टीम पाठकों को पूरी जानकारी प्रदान करती है। स्पोर्ट्स टीम....
और पढ़ें