शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. आईपीएल 2022
  3. आईपीएल 2022 न्यूज़
  4. All eyes on Arjun Tendulkar as Mumbai prepares for the final match against Delhi
Written By
Last Updated : शनिवार, 21 मई 2022 (12:30 IST)

IPL के 2 सत्र के 27 मैचों से बेंच पर बैठे हैं अर्जुन, क्या आज मिलेगा मौका?

IPL के 2 सत्र के 27 मैचों से बेंच पर बैठे हैं अर्जुन, क्या आज मिलेगा मौका? - All eyes on Arjun Tendulkar as Mumbai prepares for the final match against Delhi
दिल्ली कैपिटल्स का भाग्य अब उसके ही हाथ में हैं जो इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के लगभग ‘क्वार्टर फाइनल’ की तरह बने मुकाबले में मुंबई इंडियंस के खिलाफ सभी क्षेत्रों में शानदार प्रदर्शन कर जीत दर्ज करना चाहेगी।

कप्तान ऋषभ पंत की टीम के लिये जहां यह मुकाबला बेहद महत्वपूर्ण है तो वहीं मुंबई इंडियंस सत्र का समापन जीत से करना चाहेगी, हालांकि पांच बार की चैम्पियन के लिये यह मायने नहीं रखेगा। सत्र में प्रबल दावेदार के रूप में उतरी मुंबई को नीलामी में खराब रणनीति का खामियाजा भुगतना पड़ा।

मुंबई इंडियंस की बात की जाये तो इस मैच में सभी की दिलचस्पी होगी कि महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर को आखिर में एक मैच मिलता है या नहीं क्योंकि वह दो सत्र में 27 मैचों में बेंच पर ही बैठे रहे हैं।

कप्तान रोहित शर्मा ने संकेत दिया था कि वे अंतिम मैच में कुछ नये चेहरों को उतारेंगे। अभी तक 13 मैचों में 22 खिलाड़ी खेल चुके हैं।ऐसे में सभी की निगाहें टॉस के वक्त मुंबई इंडियन्स की अंतिम ग्यारह पर होगी।

30 लाख में खरीदा था अर्जुन तेंदुलकर को

क्रिकेट लीजेंड सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन को मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2022 की नीलामी में रविवार को 30 लाख रुपये में खरीदा था। मुंबई ने अर्जुन के लिए 20 लाख के बेस प्राइस पर पहले बोली लगाई थी। गुजरात टाइटंस ने भी हाथ आजमाया लेकिन अर्जुन के लिए आखिरी बोली मुंबई की ही रही थी।अर्जुन तेंदुलकर को आईपीएल 2021 की नीलामी में मुंबई इंडियन्स ने 20 लाख के बेस प्राइस पर खरीदा था।

लगातार नए खिलाड़ियों को मौका दे रहे हैं रोहित

मुंबई ने हैदराबाद से हुए मैच में टीम में दो बदलाव किए थे। मयंक मार्कण्डेय और संजय यादव की टीम में मौक़ा दिया गया था। इस सत्र में ऑलराउंडर ऋतिक शौकीन और बाएं हाथ के स्पिनर कुमार कार्तिकेय को भी कप्तान रोहित शर्मा मौका दे चुके हैं।

इससे पहले रोहित शर्मा ने विदेशी चहरे ट्रिस्टन स्टब्स को भी मौका दिया था। हालांकि वह अपना खाता तक नहीं खोल पाए थे। इससे पहले रोहित शर्मा बेबी एबी के नाम से मशहूर और अंडर 19 विश्वकप में मैन ऑफ द टूर्नामेंट रहे डेवाल्ड ब्रेविस को अच्छे खासे मौके दे चुके हैं।

ऐसा माना जा रहा है कि अंतिम मैच में रोहित अर्जुन तेंदुलकर को भी अपना जौहर दिखाने का पूरा मौका देंगे।

नेट्स में ईशान किशन को अर्जुन कर चुके हैं बोल्ड

मुंबई और चेन्नई के मैच शुरु होने से करीब 24 घंटे पहले मुंबई इंडियन्स ने अपने ट्विटर हैंडल पर अर्जुन तेंदुलकर की तारीफ करते हुए एक वीडियो अपलोड किया था।

इस वीडियो के कैप्शन में लिखा था कि अगर आपका नाम अर्जुन है तो फिर तीर निशाने पर लगता है। इस वीडियो में अर्जुन तेंदुलकर की तेज तर्रार यॉर्कर ने ईशान किशन की गिल्लियां उड़ा दी थी। इसके बाद भी फ्रैंचाइजी ने नेट्स में गेंदबाजी करते अर्जुन के वीडियो डाले थे और आशा बंधी थी कि इस बार उनको आईपीएल कैप जरूर मिलेगी लेकिन अभी तक वह अपने डेब्यू का इंतजार ही कर रहे हैं। अगर आज के मैच में भी अर्जुन नहीं खेलते तो लगातार 2 सत्र में बैंच पर बैठने वाले  खिलाड़ी बन जाएंगे।
ये भी पढ़ें
विराट के फैंस रोहित से लगाए हैं आस, मुंबई की जीत से ही बैंगलोर का होगा रास्ता साफ