शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
Written By भाषा

विद्रोहियों को रूस से मिल रहे हैं हथियार...

विद्रोहियों को रूस से मिल रहे हैं हथियार... -
FILE
वॉशिंगटन। अमेरिकी रक्षा विभाग के मुख्यालय ने आरोप लगाया है कि रूस पूर्वी यूक्रेन में लड़ रहे पृथकतावादियों को भारी हथियार और दूसरे साजो-सामान मुहैया कराना जारी रखे हुए है।

पेंटागन के प्रवक्ता रियर एडमिरल जॉन किर्बी ने कहा कि हमें ऐसा कोई संकेत नजर नहीं आता कि पृथकतावादियों को रूस का सहयोग खत्म हो गया है। वास्तव में हमारा यह मानना है कि रूस उन्हें भारी हथियार और दूसरे सैन्य साजो-सामान तथा वित्तीय मदद मुहैया करना जारी रखे हुए है।

उन्होंने रूसी लड़ाकों को यूक्रेन में प्रवेश करने की इजाजत दे रखी है। उन्होंने कहा कि हमें पता है कि कुछ टैंक, कुछ निजी वाहन सीमा पार गए हैं। यह इन पृथकतावादियों को सहयोग और संसाधन मुहैया कराने के लिए रूसी सेना का सतत और ठोस प्रयास है।

उनके इस बयान से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने मलेशिया एयरलाइंस के एक यात्री विमान को यूक्रेन-रूस सीमा पर मिसाइल द्वारा मार गिराए जाने को लेकर रूस समर्थक यूक्रेनी पृथकतावादियों की ओर अंगुली उठाई। विमान में सवार सभी 298 लोग हादसे में मारे गए। (भाषा)