बुधवार, 17 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
Written By भाषा
Last Updated :मॉस्को , शनिवार, 26 जुलाई 2014 (23:36 IST)

रूस भी नहीं देगा अमेरिकियों को वीजा

रूस भी नहीं देगा अमेरिकियों को वीजा -
FILE
मॉस्को। रूस के विदेश मंत्री ने कहा है कि यूक्रेन मामले में अमेरिका ने उसके कुछ नागरिकों को वीजा न देकर जो प्रतिबंध लगाने की कार्रवाई की है, रूस भी अमेरिका के खिलाफ ऐसा ही बर्ताव करेगा।

विदेश मंत्री के प्रवक्ता अलेक्जेंडर लुकासेविच ने एक बयान में कहा कि निश्चित रूप से बदले की कार्रवाई की जाएगी। सबसे पहले जितने रूस के नागरिकों को अमेरिका ने वीजा देने से इंकार किया है, अमेरिका के भी उतने ही नागरिकों के साथ ऐसा ही किया जाएगा।

अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने इसी सप्ताह रूस की कुछ बड़ी कंपनियों पर पहली बार प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है, साथ ही उसने रूस के 4 बड़े अधिकारियों पर प्रतिबंध लगाया था।

प्रवक्ता ने घोषणा क‍ी कि रूस भी इसके बदले में अमेरिका के प्रतिनिधि जिम मोरान को वीसा देने पर प्रतिबंध को आगे बढ़ा रहा है।

उन्होंने कहा कि हम कई बार कह चुके है कि हमसे प्रतिबंधों की भाषा में बात करना बेकार होगा। ऐसे कदमों के खिलाफ निश्चित तौर पर प्रतिक्रियात्मक कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि यदि हम पर वीजा प्रतिबंध लगते हैं तो हम भी इसका जवाब देंगे। यदि आर्थिक प्रतिबंध लगाए जाएंगे तो निश्चित रूप से रूस के बाजार में अमेरिका को अपने व्यापार का नुकसान करके इसका मूल्य चुकाना पड़ेगा।

विदेश मंत्रालय ने 12 अमेरिकी अधिकारियों के नाम जारी कर दिए हैं जिन पर वीजा संबंधी प्रतिबंध लगाया गया है। अमेरिका ने भी रूस के 12 अधिकारियों पर मानवाधिकारों के उल्लंघन के लिए प्रतिबंध लगाने की घोषणा की थी। (भाषा)