यूनुस सरकार का होगा शेख हसीना जैसा हश्र, हादी के भाई ने दी चेतावनी, बांग्लादेश में हालात बेकाबू
बांग्लादेश में इन दिनों हिंसा और अराजकता का माहौल है। इस बीच हादी के भाई ने यूनुस सरकार को चेतावनी दी है। बांग्लादेश में पिछले साल जुलाई विद्रोह के नेता शरीफ उस्मान हादी की हत्या के बाद से हालात काफी खराब हैं। एक बार फिर से हिंसा के दौर की शुरुआत हो गई। अब हादी के भाई शरीफ उमर हादी ने मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि यह हत्या सत्ता में बैठे लोगों ने आने वाले आम चुनाव का पटरी से उतारने के लिए करवाई थी।
हादी के भाई ने यूनुस को चेतावनी देते हुए कहा कि उनका हश्र भी शेख हसीना जैसा होगा और बांग्लादेश छोड़कर भागना पड़ेगा। यूनुस सरकार को चेतावनी देते हुए उमर हादी ने कहा कि हत्यारों पर जल्दी मुकदमा चलाएं ताकि चुनाव का माहौल खराब न हो। अगर उस्मान हादी को न्याय नहीं मिला तो एक दिन आपको भी बांग्लादेश से भागने पर मजबूर होना पड़ेगा।
उस्मान हादी के भाई ने आगे दावा किया कि हादी को इसलिए मारा गया क्योंकि उन्होंने किसी भी एजेंसी या विदेशी आकाओं के सामने घुटने नहीं टेके। हादी की मौत से बांग्लादेश में भारी गुस्सा भड़क गया, 18 दिसंबर को उसकी मौत की खबर फैलते ही सैकड़ों लोग सड़कों पर उतर आए और हिंसा करने लगे, इमारतों में तोड़फोड़ की और मीडिया आउटलेट्स के दफ्तरों में आग लगा दी।
शरीफ उमर हादी ने ढाका के शाहबाग में नेशनल म्यूजियम के सामने इंकलाब मंच द्वारा आयोजित 'शहीदी शपथ' कार्यक्रम में भाषण देते हुए आरोप लगाया कि सरकार के अंदर ही एक गुट ने आने वाले नेशनल चुनाव को पटरी से उतारने के लिए यह हत्या करवाई। 32 साल का हादी 12 फरवरी को होने वाले आम चुनाव में उम्मीदवार भी था।' Edited by : Sudhir Sharma