1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. why cockroach janata party is going viral across Abhijeet Dipke

दिल्ली पुलिस का काफिला मुझे तिहाड़ जेल ले जाएगा, Cockroach Janata Party के फाउंडर को किस बात का डर

Abhijeet Dipke Cockroach Janta Party
भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की एक टिप्पणी के बाद व्यंग्य के तौर पर शुरू हुआ एक पैरोडी पेज अब पूरी तरह राजनीतिक स्वरूप ले चुका है, जिसे कई विपक्षी नेताओं का समर्थन भी मिल रहा है। यहां बात हो रही है कॉकरोच जनता पार्टी  (Cockroach Janata Party) की। कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक हैं अभिजीत दिपके। 
इंटरनेट पर लॉन्च होने के बाद से ही कॉकरोच जनता पार्टी ने एक हफ्ते से भी कम समय में जबरदस्त लोकप्रियता हासिल कर ली। सोशल मीडिया पर इसके एआई से बने वीडियो, सॉग्स, फोटो खूब वायरल हो रहे हैं। इसकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इंस्टाग्राम फॉलोअर्स के मामले में इस व्यंग्यात्मक संगठन ने भारतीय जनता पार्टी को भी पीछे छोड़ दिया है।
हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में संगठन के संस्थापक अभिजीत दिपके ने इसकी बढ़ती लोकप्रियता, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के एजेंडे और भारत लौटने पर संभावित गिरफ्तारी की आशंका को लेकर खुलकर बात की।  उन्होंने ‘द रेड माइक’ को दिए इंटरव्यू में कहा कि आखिरकार हमें इस देश में अपनी पहचान का पता चल गया है कि हमें कॉकरोच की तरह देखा जाता है।

करीब चार दिन पहले शुरू हुए इस व्यंग्यात्मक संगठन ने अब इंस्टाग्राम पर 1.2 करोड़ फॉलोअर्स का आंकड़ा छू लिया है, जबकि बीजेपी के फॉलोअर्स 87 लाख बताए जा रहे हैं। कॉकरोच जनता पार्टी को महुआ मोइत्रा, कीर्ति आजाद, अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी नेताओं का समर्थन मिला है। इसके अलावा कई कॉमेडियन, सेलिब्रिटी और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स भी इसके समर्थन में सामने आए हैं।
 
इंस्टाग्राम पर बीजेपी से ज्यादा फॉलोअर्स होने के सवाल पर दिपके ने कहा कि मुझे इस बात की खुशी नहीं है कि हमारे ज्यादा फॉलोअर्स हैं। इससे क्या होगा? मुद्दे तो वही बने हुए हैं।  इससे पहले दिन में कॉकरोच जनता पार्टी का X अकाउंट भारत में रोक दिया गया। दिपके ने अकाउंट खोलने पर आने वाले पॉप-अप का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा कि जैसा कि उम्मीद थी, कॉकरोच जनता पार्टी का अकाउंट भारत में रोक दिया गया है। 
 
अभिजीत दिपके ने यह भी दावा किया कि दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचते ही उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है। दिपके ने इंटरव्यू में बताया कि मुझे लगता है कि जैसे ही मैं दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरूंगा, दिल्ली पुलिस का काफिला मुझे तिहाड़ जेल ले जाएगा।  30 वर्षीय अभिजीत दिपके फिलहाल अमेरिका में हैं और उन्होंने हाल ही में बोस्टन यूनिवर्सिटी से पब्लिक रिलेशंस में पढ़ाई पूरी की है। अमेरिका जाने से पहले वह डिजिटल पॉलिटिकल मैसेजिंग, नैरेटिव बिल्डिंग और ऑनलाइन कैंपेन रणनीति के लिए जाने जाते थे। उन्होंने पुणे से पत्रकारिता में स्नातक की पढ़ाई पूरी की थी।  Edited by : Sudhir Sharma
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
महिला के पेट से निकली फुटबॉल के आकार की विशाल गांठ, इंदौर में सफल सर्जरी