1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. us-depletes-missile-interceptors-stockpile-iran-israel-war-trump-netanyahu

इजराइल की चालाकी या अमेरिका की मजबूरी? ईरान के खिलाफ जंग में US के खत्म हुए आधुनिक मिसाइल इंटरसेप्टर!

trump and netanyahu
ईरान युद्ध में इजराइल पर हुए हमलों से मित्र देश को बचाने के लिए अमेरिका ने आधुनिक मिसाइल इंटरसेप्टर का बड़ा भंडार खत्म कर दिया। इजराइल ने तो अपने हथियार बचा लिए लेकिन अमेरिका को इसका खमियाजा भुगतना पड़ा। अमेरिकी अखबार में छपी इस रिपोर्ट से अमेरिका ईरान युद्ध पर नई बहस छेड़ दी है।
 
वाशिंगटन पोस्ट की एक रिपोर्ट के अनुसार, ईरान-इजराइल संघर्ष के दौरान इजराइल की रक्षा में अमेरिका के आधुनिक मिसाइल इंटरसेप्टर का बड़ा भंडार खत्म हो गया है। रिपोर्ट के अनुसार, जब ईरान ने इजराइल पर मिसाइलें दागीं, तो अमेरिका ने अपने सबसे बेहतरीन और महंगे हथियार पानी की तरह बहा दिए। दूसरी तरफ, इसराइल ने बड़ी चालाकी से अपने हथियारों को बचा कर रखा।
 
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अमेरिका ने 200 से अधिक 'थाड' मिसाइल इंटरसेप्टर चलाए। अमेरिकी नौसेना के जहाजों से 100 से ज्यादा 'स्टैंडर्ड मिसाइल-3' और 'स्टैडर्ड मिसाइल-6' भी दागे गए। वहीं इजराइल ने 100 से भी कम ‘एरो’ इंटरसेप्टर का इस्तेमाल किया।
 
विशेषज्ञों का कहना है कि अमेरिका के पास अब मुश्किल से 200 ‘थाड’ इंटरसेप्टर बचे हैं और हथियार बनाने वाली कंपनियां इतनी तेजी से नए हथियार नहीं बना पा रही हैं।
 
रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी अधिकारियों का मानना है कि यदि ईरान के खिलाफ फिर से कोई बड़ी सैन्य कार्रवाई शुरू होती है, तो अमेरिका के इंटरसेप्टर भंडार पर बहुत भारी दबाव आ जाएगा। हालांकि पेंटागन के मुख्य प्रवक्ता सीन पार्नेल का कहना है कि बैलिस्टिक मिसाइल इंटरसेप्टर हमारे बड़े रक्षा नेटवर्क का सिर्फ एक छोटा सा हिस्सा हैं। 
 

ट्रंप और नेतन्याहू में मतभेद

ईरान युद्‍ध को लेकर अमेरिकी राष्‍ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजराइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू के बीच मतभेद की खबरें भी आ रही है। मीडिया खबरों के अनुसार, ट्रंप ईरान से समझौता चाहते हैं। उनका कहना है कि ईरान को किसी भी कीमत पर परमाणु हथियार हासिल नहीं करने दिया जाएगा। हार्मुज स्ट्रेट पर भी ईरान को टोल नहीं वसूलने दिया जाएगा। वहीं नेतन्याहू युद्ध को और लंबा खिंचना चाहते हैं। उन्होंने मंगलवार को ट्रंप से कहा कि ईरान पर प्रस्तावित हमले रोकना गलती है और सैन्य कार्रवाई जारी रहनी चाहिए।
edited by : Nrapendra Gupta
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
भीषण गर्मी पर CM योगी अलर्ट, अस्पताल, बिजली और राहत व्यवस्था पर सख्त निगरानी के निर्देश