शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. United Nations, refugees, natural disasters, need humanitarian assistance
Written By
Last Modified: दुबई , सोमवार, 18 जनवरी 2016 (12:28 IST)

युद्ध में लोगों की मदद के लिए चाहिए 40 अरब डॉलर : संरा

युद्ध में लोगों की मदद के लिए चाहिए 40 अरब डॉलर : संरा - United Nations, refugees, natural disasters, need humanitarian assistance
दुबई। संयुक्त राष्ट्र द्वारा नियुक्त किए गए एक पैनल का कहना है कि दुनियाभर में चल रहे संघर्षों और प्राकृतिक आपदाओं की वजह से मानवीय मदद के जरूरतमंदों की संख्या में तेज इजाफा हो रहा है और इन लोगों की मदद के लिए वार्षिक तौर पर लगभग 40 अरब डॉलर की जरूरत है।

मानवीय मदद के कोष में 15 अरब डॉलर की कमी को पूरा करने का उपाय बताते हुए पैनल ने कहा है कि इसके लिए फुटबॉल और अन्य खेलों, संगीत एवं अन्य मनोरंजन समारोहों, हवाई सफर के टिकटों पर और गैसोलीन पर छोटा-सा स्वैच्छिक कर लगाया जा सकता है।

संयुक्त राष्ट्र के महासचिव बान की-मून ने मानवीय वित्तीय मदद पर पैनल की रिपोर्ट रविवार को जारी की। यह रिपोर्ट कहती है कि युद्धों और प्राकृतिक आपदाओं के कारण तबाह हुए 12.5 करोड़ लोगों को जीवनरक्षा से जुड़ी मदद उपलब्ध करवाने के लिए दुनिया लगभग 25 अरब डॉलर खर्च कर रही है। यह राशि वर्ष 2000 में खर्च की गई 2 अरब डॉलर की राशि के 12 गुना से भी ज्यादा है।

इस 9 सदस्यीय पैनल ने गणना करके पाया कि लोगों के कष्टों को कम करने के लिए और उनकी जिंदगियां बचाने के लिए वार्षिक तौर पर अतिरिक्त 15 अरब डॉलर की जरूरत है। रिपोर्ट में यह चेतावनी भी दी गई है कि यदि मौजूदा चलन जारी रहता है तो मानवीय मदद पर आने वाला खर्च वर्ष 2030 तक बढ़कर 50 अरब डॉलर हो जाएगा।

रिपोर्ट जारी करने के अवसर पर बान ने कहा कि यह बड़े संकटों का दौर है। रिपोर्ट पेश करने के कार्यक्रम का आयोजन दुबई के एक रेगिस्तान में किया गया था। यह क्षेत्र संयुक्त राष्ट्र की आपात मानवीय आपूर्ति एवं अंतरराष्ट्रीय राहत प्रयासों के लिए एक आपूर्ति केंद्र का काम करता है। (भाषा)