Sushila Karki : कौन हैं सुशीला कार्की, जो बन सकती हैं नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री
Who is Sushila Karki : नेपाल में जनरेशन जेड के विरोध प्रदर्शन और हिंसा के बीच एक बड़ी खबर आ रही हैं। मीडिया खबरों के मुताबिक सुशीला कार्की नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री बन सकती हैं। सुशीला कार्की नेपाल की पहली महिला चीफ जस्टिस रही हैं। उनकी पढ़ाई बीएचयू से हुई है। सुशीला कार्की अपने सख्त फैसलों के लिए जानी जाती हैं।
मीडिया खबरों के मुताबिक वे अंतरिम प्रधानमंत्री बनने को तैयार हैं। कार्की जनरेशन जेड प्रदर्शन की समर्थक रही हैं। राजनीतिक दलों ने उन पर कार्यपालिका में हस्तक्षेप का आरोप लगाया। जनसमर्थन और सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद इसे वापस ले लिया गया। सुशीला कार्की के कार्यकाल में भ्रष्टाचार के खिलाफ कई सख्त कदम उठाए गए थे।
किया था महाभियोग प्रस्ताव पेश, लिए बड़े फैसले
2017 में प्रमुख राजनीतिक दलों ने उन पर पूर्वाग्रह और कार्यपालिका में हस्तक्षेप का आरोप लगाकर महाभियोग प्रस्ताव पेश किया। भारी जन समर्थन और सुप्रीम कोर्ट के आदेश के कारण यह प्रस्ताव वापस ले लिया गया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कदम उठाए। उन्होंने कई अहम फैसले दिए जैसे कि महिलाओं को बच्चों को नागरिकता देने का अधिकार, पुलिस नियुक्तियों में अनियमितता पर फैसला, फास्ट ट्रैक कोर्ट की स्थापना और कई भ्रष्टाचार से जुड़े मामले।
भारत में की है पढ़ाई
सुशीला कार्की का जन्म 7 जून 1952 को मोरंग जिले के बिराटनगर में हुआ था। उन्होंने महेन्द्र मोरंग कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई की और फिर बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में मास्टर्स डिग्री प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने नेपाल की त्रिभुवन यूनिवर्सिटी से कानून की डिग्री ली। उन्होंने 1979 में वकालत शुरू की। 2007 में उन्हें सीनियर एडवोकेट बनाया गया। 2009 में उन्हें नेपाल सुप्रीम कोर्ट का अधिवक्ता न्यायाधीश बनाया गया और 2010 में स्थायी न्यायाधीश बना दिया गया। उन्होंने 11 जुलाई 2016 से 6 जून 2017 तक नेपाल की मुख्य न्यायाधीश के रूप में सेवा दी। Edited by : Sudhir Sharma