मंगलवार, 17 फ़रवरी 2026
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. sunita williams retirement nasa space career iss mission
Last Updated :वॉशिंगटन , बुधवार, 21 जनवरी 2026 (12:24 IST)

सुनीता विलियम्स ने छोड़ी नासा की नौकरी, अंतरिक्ष करियर को कहा अलविदा

sunita williams retirement
Sunita Williams News : मशहूर अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स ने नासा से संन्यास लेकर अंतरिक्ष करियर को अलविदा कह दिया। वे नासा की सबसे अनुभवी अंतरिक्ष यात्रियों में से एक हैं। उन्होंने 3 बार इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) की यात्रा की और लंबे समय तक अंतरिक्ष में रहकर अहम रिसर्च और तकनीकी जिम्मेदारियां निभाईं।
 
सुनीता विलियम्स 27 साल तक नासा से जुड़ी रहीं। वह जून 2024 में वह अपने एक साथी अंतरिक्ष यात्री के साथ मिशन पर गई थीं, जो तकनीकी कारणों से तय समय से काफी लंबा खिंच गया। इस वजह से उन्हें लगभग नौ महीने तक ISS पर रहना पड़ा। 2025 में वह धरती पर लौटीं। यह उनके करियर के सबसे चुनौतीपूर्ण और यादगार मिशनों में से एक माना जाता है।
 
NASA प्रशासक जैरेड आइजैकमैन के अनुसार, सुनीता विलियम्स मानव अंतरिक्ष उड़ान की अग्रणी रहीं और उन्होंने अंतरिक्ष स्टेशन पर अपने नेतृत्व से भविष्य के मिशनों की नींव रखी। इससे चंद्रमा के लिए आर्टेमिस मिशन और भविष्य में मंगल ग्रह की ओर बढ़ने की राह आसान हुई।

सुनीता विलियम्स का जीवन परिचय

19 सितंबर 1965 को अमेरिका के ओहायो में सुनीता विलियम्स का जन्म हुआ था। उनके पिता डॉ. दीपक एन पांड्या एक जाने-माने तंत्रिका विज्ञानी (एमडी) हैं। वह गुजरात के अहमदाबाद के रहने वाले हैं। जबकि मां बॉनी जालोकर स्लोवेनिया की रहने वाली हैं।
 
उनकी स्कूलिंग मैसाचुसेट्स से हाई स्कूल से हुई और 1987 में उन्होंने अमेरिका की नेवल एकेडमी से फिजिकल साइंस में बीएस (स्नातक उपाधि) की परीक्षा पास की। उन्होंने फ़्लोरिडा इंस्टिट्यूट ऑफ़ टैक्नोलॉजी से 1995 में इंजीनियरिंग मैनेजमेंट में एम.एस. की डिग्री हासिल की जिसके बाद वह अमेरिकी नौसेना का हिस्सा बनीं।नौसेना में सेवाएं देने के बाद अंतरिक्ष यात्री के रूप में नासा में शामिल हुईं।स्पेस वॉक करने वाली पहली महिला होने का सम्मान भी सुनीता विलियम्स के नाम है।
 

सुनीता विलियम्स की सैलरी

अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी (NASA) में अंतरिक्ष यात्रियों की सैलरी उनके पद और अनुभव के आधार पर तय की जाती है। नासा के तहत काम करने वाले अंतरिक्ष यात्रियों को आमतौर पर GS 12 से GS 15 ग्रेड के अनुसार सैलरी मिलती है। GS 12 ग्रेड के अंतरिक्ष यात्रियों की बेसिक सैलरी लगभग $66,167 (लगभग 55 लाख रुपये प्रतिवर्ष) होती है। अनुभवी अंतरिक्ष यात्री GS 13 या GS 14 में आते हैं। जिनकी सैलरी लगभग $90,000 से $140,000 (लगभग 75 लाख से 1.1 करोड़ रुपये प्रतिवर्ष) तक हो सकती है। सुनीता विलियम्स की सैलरी GS 14 या GS 15 ग्रेड के अनुसार थी। जो लगभग $130,000 से $160,000 (लगभग 1.08 करोड़ से 1.3 करोड़ रुपये) प्रतिवर्ष तक होती है।
 

सुनीता विलियम्स को मिलने वाली सुविधाएं

नासा के अंतरिक्ष यात्रियों को सैलरी के अलावा भी कई अन्य सुविधाएं और लाभ मिलते हैं. जो इस प्रकार हैं-
-मिशन के दौरान अतिरिक्त भत्ते
-प्रशिक्षण और विशेष स्किल्स के विकास के लिए सुविधाएं
-बीमा और स्वास्थ्य लाभ
-सेवानिवृत्ति योजना

सुनीता विलियम्स को कितनी मिलेगी पेंशन

रिटायरमेंट के बाद सुनीता विलियम्स को नासा के फेडरल एम्प्लॉइज रिटायरमेंट सिस्टम (FERS) के तहत पेंशन मिलेगी। यह पेंशन उनकी कुल सेवा अवधि और औसत सैलरी के आधार पर तय की जाती है। इसके अलावा उन्हें अमेरिका की सोशल सिक्योरिटी स्कीम का भी लाभ मिलेगा, जिससे हर महीने एक तय रकम मिलती रहेगी। उन्हें स्वास्थ्य बीमा, जीवन बीमा और थ्रिफ्ट सेविंग प्लान (TSP) समेत कई सुविधाएं भी मिलेगी।
edited by : Nrapendra Gupta