गुरुवार, 15 जनवरी 2026
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Prime Minister Narendra Modi honored with Ethiopia's highest award
Last Modified: बुधवार, 17 दिसंबर 2025 (07:37 IST)

प्रधानमंत्री मोदी को मिला इथियोपिया का सर्वोच्च सम्मान

Prime Minister Narendra Modi honored with Ethiopia's highest award
PM Narendra Modi Conferred Ethiopia’s Highest Award : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इथियोपिया ने अपने सर्वोच्च सम्मान 'द ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया' से नवाजा है। यह भारत-इथियोपिया संबंधों में नई मजबूती का संकेत माना जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी यह सम्मान पाने वाले पहले विदेशी राष्ट्र प्रमुख बने हैं। इथियोपिया का यह सर्वोच्च सम्मान प्रधानमंत्री मोदी को दिया गया 28वां विदेशी राजकीय पुरस्कार है। प्रधानमंत्री मोदी ने इस पुरस्कार सम्मान की प्राप्ति के अवसर पर कहा कि यह सम्मान उनके लिए अत्यंत गर्व की बात है।

प्रधानमंत्री मोदी को यह सम्मान मंगलवार को अदीस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र में आयोजित एक विशेष समारोह में प्रदान किया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, दुनिया की एक अत्यंत प्राचीन और समृद्ध सभ्यता द्वारा सम्मानित होना मेरे लिए गर्व का विषय है। मैं सभी भारतीयों की ओर से इस सम्मान को विनम्रतापूर्वक स्वीकार करता हूं। यह पुरस्कार उन असंख्य भारतीयों के लिए है जिन्होंने हमारी साझेदारी को आकार दिया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस सम्मान के लिए प्रधानमंत्री अबी और इथियोपिया की जनता के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भविष्य उन्हीं साझेदारियों का है जो दूरदृष्टि और विश्वास पर आधारित होती हैं। उन्होंने कहा, इथियोपिया के साथ मिलकर हम ऐसी साझेदारियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जो उभरती वैश्विक चुनौतियों के समाधान निकाल सकें और नए अवसरों का निर्माण करें।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, भारत और इथियोपिया के बीच हजारों वर्षों से संपर्क और संचार का आदान-प्रदान रहा है। दोनों देश जो भाषाओं और परंपराओं में समृद्ध हैं, एकता के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा, आज हम भारत और इथियोपिया के संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक ले जा रहे हैं। यह कदम हमारे संबंधों को नई ऊर्जा, नई गति और नई गहराई प्रदान करेगा। यह प्रधानमंत्री मोदी का पहला इथियोपिया दौरा है।
Edited By : Chetan Gour
ये भी पढ़ें
भारत और इथियोपिया के बीच हुए 8 समझौतों पर हस्ताक्षर