PM मोदी ने Donald Trump से की 40 मिनट लंबी बातचीत, किन मुद्दों पर हुई चर्चा?
अमेरिका और ईरान के बीच पाकिस्तान के इस्लामाबाद में हुई चर्चा के असफल होने के बाद मध्य-पूर्व में अभी भी तनाव जारी है। US-ईरान के बीच सीजफायर के बाद दोनों नेताओं के बीच यह पहली फोन कॉल है। इस बीच भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से फोन पर बात की। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों में हुई 'महत्वपूर्ण प्रगति' का जायजा लिया। इस दौरान दोनों नेताओं ने ईरान जंग पर चर्चा की और इस बात पर जोर दिया कि होर्मुज खुला रहना चाहिए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट में जानकारी देते हुए कहा कि मेरे दोस्त राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का फ़ोन आया। हमने विभिन्न क्षेत्रों में अपने द्विपक्षीय सहयोग में हुई उल्लेखनीय प्रगति की समीक्षा की। हम सभी क्षेत्रों में अपनी व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।हमने पश्चिम एशिया के हालात पर भी बात की और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खुला और सुरक्षित रखने की आवश्यकता पर बल दिया।
हमने पश्चिम एशिया की स्थिति पर भी चर्चा की और Strait of Hormuz को खुला और सुरक्षित बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया।
करीब 40 मिनट तक हुई इस बातचीत में दोनों नेताओं के बीच मध्य-पूर्व के मौजूदा हालातों के साथ आपसी संबंधों पर भी चर्चा हुई।
दोनों देशों में जल्द बड़ा समझौता
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा है कि दोनों देशों के बीच सहयोग लगातार बढ़ रहा है और कई अहम मुद्दों पर साथ मिलकर काम किया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प के बीच होर्मुज की घेराबंदी के मुद्दे पर चर्चा हुई। उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले कुछ दिनों और हफ्तों में भारत और अमेरिका के बीच ऊर्जा से जुड़े बड़े समझौते होने की उम्मीद है। गोर ने कहा है कि भारत और अमेरिका के रिश्ते मजबूत हैं।
नहीं किया सौदों का खुलासा
अमेरिकी राजदूत ने कहा कि नयी दिल्ली और वाशिंगटन के बीच 'आने वाले दिनों में' ऊर्जा सहित विभिन्न क्षेत्रों में कुछ बड़े सौदे होने की उम्मीद है। हालांकि, उन्होंने इन सौदों के बारे में विस्तार से बताने से इनकार कर दिया। बातचीत के अंत में ट्रंप ने मोदी से कहा कि मैं बस आपको यह बताना चाहता हूं कि हम सब आपसे प्यार करते हैं। ट्रंप और मोदी के बीच यह बातचीत विदेश सचिव विक्रम मिसरी के वाशिंगटन की अपनी तीन दिवसीय यात्रा संपन्न करने के दो दिन बाद हुई है।
इस साल तीसरी बातचीत
यह ट्रंप और मोदी के बीच इस साल फोन पर हुई तीसरी बातचीत थी। वहीं, अमेरिका और ईरान के बीच पाकिस्तान में हाल में हुई शांति वार्ता के बाद यह दोनों नेताओं की पहली बातचीत थी। ट्रंप और मोदी ने दो फरवरी को एक व्यापार समझौते में हुई प्रगति की घोषणा करने और 24 मार्च को पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा करने के लिए फोन पर बातचीत की थी।
टैरिफ के बाद तनाव का दौर
दोनों देश अनिश्चितता और तनाव के लंबे दौर के बाद अपने संबंधों को स्थिर करने की दिशा में काम कर रहे हैं। ट्रंप के रूसी कच्चे तेल की खरीद के विरोध में भारतीय वस्तुओं के आयात पर भारी टैरिफ लगाने और पिछले साल मई में भारत-पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष रुकवाने में वाशिंगटन की भूमिका को लेकर विवादित दावे करने के बाद दोनों देशों के रिश्तों में तनाव बढ़ गया था। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो अगले महीने भारत की यात्रा पर आएंगे। इस दौरान वह विदेश मंत्री एस जयशंकर और सरकार के अन्य पदाधिकारियों के साथ व्यापक वार्ता करेंगे।
Edited by : Sudhir Sharma
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें