बुधवार, 24 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Nigeria
Written By
Last Modified: लागोस , बुधवार, 1 जुलाई 2015 (12:12 IST)

नाइजीरिया ने 300 छात्राओं का अपहरण, आरोपी गिरफ्तार

नाइजीरिया ने 300 छात्राओं का अपहरण, आरोपी गिरफ्तार - Nigeria
लागोस। नाइजीरिया के पूर्वोत्तर शहर चिबोक से पिछले साल बोको हराम द्वारा करीब 300 स्कूली छात्राओं के सामूहिक अपहरण में सक्रियता से शामिल रहने के आरोपी एक कारोबारी को गिरफ्तार किया गया है।
 
नाइजीरिया के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता मेजर जनरल क्रिस ओलुकोलेड ने मंगलवार को बताया कि बाबूजी या’री ने इस्लामी चरमपंथियों के लिए एक ‘आतंकवादी खुफिया प्रकोष्ठ’ की अगुवाई की थी और उस दौरान वह खुद को आत्मरक्षक ‘यूथ विजिलेंट ग्रुप’ का सदस्य बताता था।
 
उसकी गिरफ्तारी के बाद इस संदेह की पुष्टि हो गई कि ‘यूथ विजिलेंट ग्रुप’ का बोको हराम से संबंध है। सैनिकों ने बताया कि उनके कुछ साथी भी नाइजीरिया के इस्लमी चरमपंथी समूह से जुड़े हैं।
 
ओलुकोलेड ने मंगलवार रात एक बयान में कहा कि कारोबारी की गिरफ्तारी से कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं जिसके आधार पर आतंकवादी खुफिया प्रकोष्ठ के अन्य सदस्यों को पकड़ा गया है। इनमें एक महिला है। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि कब और कितने लोगों को गिरफ्तार किया गया। 
 
ओलुकोलेड ने आरोप लगाया कि या’री ने वर्ष 2011 से पूर्वोत्तर शहर माइदुगुरी में कई भीषण हमलों में बोको हराम के साथ समन्वय किया था। माइदुगुरी बोको हराम का जन्मस्थल है। मई 2014 में ग्वोजा के अमीर की हत्या में भी या’री की अहम भूमिका थी।
 
ग्वोजा का अमीर एक मजहबी और परंपरागत शासक था जिसे बोको हराम के चरमपंथियों के खिलाफ आवाज उठाने की वजह से मारा गया था। रक्षा मंत्रालय के बयान में बताया गया है कि गिरफ्तार महिला अफसत बाको ने बोको हराम की सदस्य होने की बात स्वीकार कर ली है।
 
अप्रैल 2014 में चिबोक के एक बोर्डिंग स्कूल से बोको हराम ने 273 छात्राओं का अपहरण कर लिया था। दर्जनों छात्राएं किसी तरह भाग निकलीं लेकिन 219 छात्राएं अब तक लापता हैं। इस घटना से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गुस्सा भड़क उठा था और इन छात्राओं की तत्काल रिहाई की मांग की गई थी। (भाषा)