1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. mojtaba khamenei nowruz message iran claims victory over us israel war update
Last Modified: तेहरान , शुक्रवार, 20 मार्च 2026 (23:07 IST)

US-Israel-Iran War : अमेरिका और इजराइल को दी करारी हार, दुश्मन की साजिश नाकाम, खामनेई का बड़ा दावा

Mojtaba Khamenei iran new supreme leader
ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने शुक्रवार को फारसी नववर्ष नवरोज के मौके पर जारी लिखित संदेश में अमेरिका और इजराइल पर जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि देश के भीतर बनी एकता ने दुश्मनों की योजनाओं को विफल कर दिया है।  मोजतबा खामेनेई ने अपने संदेश में कहा कि इस समय आप हमारे देशवासियों के बीच जो विशेष एकता बनी है- धार्मिक, वैचारिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक मतभेदों के बावजूद-  उसी के कारण दुश्मन को हार का सामना करना पड़ा है। 

1300 से ज्यादा की मौत, 10 लाख लोग बेघर

आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, संघर्ष शुरू होने के बाद से ईरान में 1300 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।  लेबनान में इजराइली हवाई हमलों में 1000 से ज्यादा लोगों के मारे जाने और 10  लाख से अधिक लोगों के विस्थापित होने की खबर है। इजराइल में ईरानी मिसाइल हमलों में कम से कम 15 लोगों की मौत हुई है, जबकि जारी संघर्ष में अमेरिका के कम से कम 13 सैनिकों के मारे जाने की पुष्टि की गई है।
 
खामनेई ने आरोप लगाया कि अमेरिका और इजराइल के हमले इस भ्रम पर आधारित थे कि शीर्ष नेताओं की हत्या करके ईरान की सरकार को गिराया जा सकता है। खामेनेई ने यह भी दावा किया कि तुर्की और ओमान में हुए हमले 'जायोनी दुश्मन की साजिश' का हिस्सा हैं, जिनका उद्देश्य क्षेत्रीय देशों के बीच फूट डालना है।
 
खामेनेई ने कहा कि हम अपने पड़ोसी देशों के साथ आस्था, हित और वैश्विक घमंड की ताकतों के खिलाफ संघर्ष में साझेदार हैं। उन्होंने ईरानी नागरिकों की सराहना करते हुए कहा कि लोगों ने शहरों, मोहल्लों और मस्जिदों में रक्षा मोर्चे और ठिकाने बनाकर ऐसा करारा जवाब दिया कि दुश्मन खुद विरोधाभास और बेतुके बयान देने लगा।

सार्वजनकि रूप से सामने नहीं आए मोजतबा खामनेई

मोजतबा खामेनेई अभी तक सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं, जबकि उन्हें उनके पिता अली खामेनेई का उत्तराधिकारी घोषित किया गया है। युद्ध की शुरुआत में अमेरिकी-इजराइली हवाई हमले में अली खामेनेई के मारे जाने का दावा किया गया था।इससे पहले ईरान ने एक वीडियो जारी किया था, जिसमें खामेनेई छात्रों के एक समूह को धार्मिक शिक्षा देते दिखाई दिए। 
 

हम परमाणु हथियार नहीं बनाना चाहते, बोले ईरान का राष्ट्रपति

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पजशकियान ने साफ किया है कि उनका देश परमाणु हथियार बनाने की कोई योजना नहीं रखता। नौरोज के मौके पर दिए संदेश में पजशकियान ने कहा कि ईरान अपने पड़ोसी देशों के साथ युद्ध नहीं चाहता और क्षेत्र में शांति बनाए रखना चाहता है। उन्होंने कहा कि हम परमाणु हथियार हासिल नहीं करना चाहते। हमारे पड़ोसी हमारे भाई हैं और हम सभी मतभेद बातचीत से सुलझाना चाहते हैं।
यह भी कहा कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा के लिए इस्लामिक देशों का साझा ढांचा बनाया जाना चाहिए और बाहरी ताकतों की जरूरत नहीं है। पजशकियान ने दोहराया कि सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई पहले ही परमाणु हथियारों को धार्मिक रूप से गलत बता चुके हैं और इस दिशा में कोई नीति नहीं है। Edited by : Sudhir Sharma
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
ये भी पढ़ें
तेल सकंट के बाद Digital Blackout का खतरा, हॉर्मुज स्ट्रेट में ईरान के समुद्री माइन्स बिछाने से क्यों खौफ में दुनिया, जानिए क्या होगा असर