अमेरिकी VP वैंस की सुरक्षा में 5 पाकिस्तानी फाइटर जेट, शांति वार्ता की सफलता पर अब भी संशय
JD Vance Islamabad Visit: इस्लामाबाद के आसमान में उस वक्त हलचल मच गई जब अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के विमान को पांच पाकिस्तानी F-16 लड़ाकू विमानों ने सुरक्षा घेरे में ले लिया। मौका है अमेरिका और ईरान के बीच ऐतिहासिक शांति वार्ता का, जिसे सफल बनाने के लिए डोनाल्ड ट्रंप के दूत और ईरानी प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान की धरती पर आमने-सामने हैं। हालांकि बड़ा सवाल यह है कि क्या पाकिस्तान की यह कूटनीतिक 'किलेबंदी' मध्य-पूर्व में युद्ध की आग को बुझा पाएगी?
ईरान की कड़ी शर्तें
इस्लामाबाद के नूर खान एयरबेस पर उतरने से पहले वेंस के विमान को पाकिस्तानी वायुसेना ने एस्कॉर्ट किया। वेंस के साथ जारेड कुशनर और स्टीव विटकॉफ मौजूद हैं, जबकि ईरान की ओर से मोहम्मद बागेर गालिबफ और विदेश मंत्री अब्बास अराघची कमान संभाल रहे हैं। ईरान ने रुकी हुई संपत्तियों की बहाली और लेबनान में युद्धविराम जैसी कड़ी शर्तें रखी हैं। हालांकि सूत्रों के हवाले जो खबर आ रही है, उसके मुताबिक अमेरिका ने बैंकों में जमा संपत्ति को रिलीज करने की बात कही है, लेकिन अमेरिका ने इससे इंकार किया है।
ईरानी अधिकारों को मान्यता जरूरी
दूसरी ओर, ईरानी संसद के स्पीकर और वार्ता के लिए पाकिस्तान पहुंचे गालिबाफ ने कहा कि यदि अमेरिका वास्तविक समझौते के लिए तैयार होगा और ईरानी जनता के अधिकारों को मान्यता देगा तो ही ईरान समझौते के लिए तत्परता दिखाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर अमेरिका वार्ता को भ्रामक प्रक्रिया के रूप में इस्तेमाल करता है, तो ईरान अपनी क्षमताओं के बल पर अपने राष्ट्रीय हितों और संप्रभुता की रक्षा करने के लिए तैयार है।
लेबनान में इजराइली हमले जारी
गौरतलब है कि अमेरिका और ईरान के बीच पाकिस्तान के इस्लामाबाद में शनिवार को वार्ता होनी है। बातचीत में कोई खलल न पड़े इसके लिए अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बात की है। इसके बावजूद लेबनान में इजराइली हमले जारी है। बताया जा रहा है कि इससे वार्ता संकट में आ सकती है।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें